Samachar Nama
×

'लाशों पर राजनीति करना उचित नहीं,' राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर बोले विश्वास सारंग

'लाशों पर राजनीति करना उचित नहीं,' राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर बोले विश्वास सारंग
'लाशों पर राजनीति करना उचित नहीं,' राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर बोले विश्वास सारंग

भोपाल, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट में गंभीर बीमारी के चलते आदिवासी बच्चों की मौत के बाद गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचेंगे। इससे पहले भाजपा ने राहुल गांधी के दौरे को राजनीतिक स्टंट करार देते हुए उन पर तीखा हमला बोला है।

मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि दौरे का मकसद सार्थक होना चाहिए, न कि केवल राजनीतिक रोटियां सेंकना।

उन्होंने कहा, "राहुल गांधी आएं, परंतु सार्थक बात करें। अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए दौरे करना उचित नहीं है। हमें उनके आने से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन वे विघटन की बात न करें।"

सारंग ने कहा कि राहुल गांधी का इतिहास बहुत अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने इंदौर दौरे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने 'मां' जैसे शब्दों का अपमान किया था।

मंत्री ने आगे कहा, "वो विश्व में कहीं भी जाते हैं तो देश के मान-सम्मान को गिराते हैं। हिंदुस्तान में भी जब वह कहीं दौरा करते हैं तो संवैधानिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाते हैं।"

विश्वास सारंग ने राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने और सनसनीखेज खबरें बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राहुल गांधी में परिपक्वता होनी चाहिए।

सारंग ने कहा, "बचपने और स्क्रिप्टेड भाषण देने से राजनीति नहीं चलती। लाशों पर राजनीति करना उचित नहीं है।"

वहीं, भाजपा की प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी बालाघाट के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में इसलिए पहुंच पा रहे हैं क्योंकि भाजपा सरकार ने वहां से नक्सलवाद को खत्म करने का काम किया है।

उन्होंने कहा, "जब कांग्रेस की सरकार थी, तब ऐसी कई घटनाएं हुईं जहां कांग्रेस का एक भी नेता पीड़ितों तक नहीं पहुंचा। हमारी सरकार ने उस क्षेत्र को सुरक्षित बनाया है, तब जाकर आज विपक्ष के नेता वहां जा रहे हैं।"

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

Share this story