Samachar Nama
×

राजनीति में राजीव गांधी जैसे सुसंस्कृत और सभ्य नेता बहुत कम हुए : केसी त्यागी

राजनीति में राजीव गांधी जैसे सुसंस्कृत और सभ्य नेता बहुत कम हुए : केसी त्यागी
राजनीति में राजीव गांधी जैसे सुसंस्कृत और सभ्य नेता बहुत कम हुए : केसी त्यागी

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के नेता केसी त्यागी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्हें राजीव गांधी के साथ काम करने का अवसर मिला था। अपने अनुभव के आधार पर मैं कह सकता हूं कि राजनीति में राजीव गांधी जैसे सुसंस्कृत और सभ्य नेता बहुत कम हुए हैं।

केसी त्यागी का यह बयान उस वक्त आया है जब पूर्व पीएम राजीव गांधी की जयंती पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर किए पोस्ट में उनके योगदान की सराहना की। राजनाथ सिंह ने लिखा कि भारत की विकास यात्रा में उनका भी अहम योगदान रहा है।

वहीं, आईएएनएस से बातचीत में केसी त्यागी ने राष्ट्रगीत जैसे संवेदनशील और राष्ट्रीय भावना से जुड़े मुद्दे पर कहा कि इस तरह के विषयों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। त्यागी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे को उलझाए रखना चाहती है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

वहीं, कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल द्वारा राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले को गांव-गांव तक ले जाने संबंधी बयान पर आरएलडी नेता ने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट में जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोपी गिरफ्तार हुए हैं और जेल भेजे गए हैं। मामले में सीबीआई जांच चल रही है तथा प्रदेश और केंद्र सरकार पहले ही आश्वासन दे चुकी हैं कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू द्वारा सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता बताए जाने के सवाल पर केसी त्यागी ने कहा कि अभिजीत दीपके का आम आदमी पार्टी से जुड़ाव सही हो सकता है लेकिन छात्रों द्वारा उठाए जा रहे सभी मुद्दों को किसी एक राजनीतिक दल से जोड़ना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं मानता कि मुद्दे उठाने वाले सभी छात्र आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं। वे सामान्य छात्र हैं और उनकी समस्याएं भी स्वाभाविक हैं। सरकार और सभी राजनीतिक दलों को छात्रों की वास्तविक चिंताओं को गंभीरता से सुनना चाहिए।

इस बीच, भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) में ‘वंदे मातरम’ को लेकर हुई चर्चा और फैसले पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय गीत के अपमान को लेकर कांग्रेस का रवैया कोई संयोग नहीं बल्कि एक “सांप्रदायिक प्रयोग" है। नकवी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिस तरह की राजनीति कर रही है, उसका नुकसान अंततः स्वयं कांग्रेस को ही होगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story