Samachar Nama
×

वडोदरा में वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को संबोधित करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

वडोदरा में वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को संबोधित करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
वडोदरा में वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को संबोधित करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 30 जून (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (वीजीआरसी) के समापन (वैलेडिक्टरी) सत्र को संबोधित करेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल होने और उपस्थित उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित करने के लिए उत्साहित हैं।

राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में लिखा, "30 जून को वह गुजरात के वडोदरा में रहेंगे और वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के वैलेडिक्टरी सत्र को संबोधित करेंगे।" उनके इस दौरे को राज्य में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इससे पहले सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वडोदरा में मध्य गुजरात क्षेत्र के लिए आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (वीजीआरसी) के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया था। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन मध्य गुजरात को वैश्विक विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और नवाचार (इनोवेशन) का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों, निवेशकों और उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और विकासोन्मुखी सोच के कारण भारत हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री की नीतियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के चलते दुनिया के कई देशों ने भारत के साथ भरोसेमंद साझेदारी विकसित की है और यह विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

भूपेंद्र पटेल ने कहा था कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री के संतुलित विकास के विजन को आगे बढ़ाते हुए वाइब्रेंट गुजरात पहल को केवल वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन तक सीमित नहीं रखा है। इसके तहत अब विभिन्न क्षेत्रों में क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जिलों की औद्योगिक क्षमताओं और निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस केवल निवेश आकर्षित करने का मंच नहीं है, बल्कि यह स्थानीय उद्योगों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने वाला मजबूत सेतु भी है।

मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत से आह्वान किया कि वे चर्चाओं को ठोस निर्णयों में, विचारों को परियोजनाओं में और परियोजनाओं को समृद्धि में बदलने की दिशा में आगे बढ़ें।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के सम्मेलन गुजरात को औद्योगिक विकास के नए आयाम प्रदान करेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूती देंगे।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story

Tags