Samachar Nama
×

राजनाथ सिंह ने ताजिकिस्तान में सैन्य सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा, एससीओ की अहम मीटिंग आज

राजनाथ सिंह ने ताजिकिस्तान में सैन्य सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा, एससीओ की अहम मीटिंग आज
राजनाथ सिंह ने ताजिकिस्तान में सैन्य सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा, एससीओ की अहम मीटिंग आज

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। ताजिकिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शासनाध्यक्ष परिषद की बैठक हो रही है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय सहयोग को मजबूती प्रदान करना है। मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह यहां एससीओ के सदस्य देशों के बीच आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर भारत का पक्ष रखेंगे।

इस बीच एससीओ बैठक से इतर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ताजिकिस्तान के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ सैन्य सहयोग पर वार्ता की है। राजनाथ सिंह ताजिकिस्तान में एससीओ की शासनाध्यक्ष परिषद की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

बता दें कि 20 अक्टूबर को इस बैठक में सदस्य देशों के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क व्यवस्था, नवाचार और सांस्कृतिक एवं मानवीय आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर संवाद होना है। इसके साथ ही, संगठन के भीतर चल रही सहयोग संबंधी पहलों की प्रगति की समीक्षा की भी जाएगी। दुशांबे में एससीओ की बैठक के दौरान दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों ने आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार साझा किए। क्षमता निर्माण और सैन्य प्रशिक्षण पर रहा विशेष जोर।

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में अपने ताजिक समकक्ष कर्नल जनरल इमोमाली सोबिरजोदा के साथ मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और ताजिकिस्तान के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की। इस दौरान क्षमता निर्माण और सैन्य प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया। राजनाथ सिंह ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा, “शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्षों की बैठक से इतर दुशांबे में ताजिकिस्तान के रक्षा मंत्री के साथ उपयोगी चर्चा हुई। हमने आपसी हितों के क्षेत्रों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इसमें क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया।”

राजनाथ सिंह सोमवार रात ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे पहुंचे थे। वह भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर ताजिकिस्तान गए हैं। दुशांबे हवाई अड्डे पर ताजिकिस्तान के रक्षा मंत्री इमोमाली सोबिरजोदा ने राजनाथ सिंह का स्वागत किया। ताजिकिस्तान के विदेश मंत्रालय के एशिया-प्रशांत विभाग के प्रमुख शेराली जोनोन भी इस दौरान मौजूद रहे। एससीओ की बैठक का मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करना है।

बैठक में व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क व्यवस्था, नवाचार और सांस्कृतिक एवं मानवीय आदान-प्रदान जैसे विषयों पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा, संगठन के तहत चल रही सहयोग पहलों की प्रगति की समीक्षा और उसकी वित्तीय एवं संस्थागत व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया जाना है। भारत इस मंच के माध्यम से अन्य सदस्य देशों के साथ व्यावहारिक और पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहा है।

राजनाथ सिंह की ताजिकिस्तान यात्रा के दौरान रक्षा सहयोग पर हुई चर्चा दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण पर दिया गया जोर रक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग के नए अवसर तलाशने की साझा मंशा को दर्शाता है।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी

Share this story

Tags