Samachar Nama
×

राजद के विधान पार्षद ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की, प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र

पटना, 26 मई (आईएएनएस)। भारत में गाय को लेकर सियासत तेज है। इस बीच राजद के विधान पार्षद मोहम्मद सोहैब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर देशभर में गो-संरक्षण को और मजबूत करने तथा भारतीय संस्कृति के सम्मान के लिए गाय को भारत का 'राष्ट्रीय पशु' घोषित करने की मांग की है।

राजद के विधान पार्षद मोहम्मद सोहैब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रही है तथा करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं इससे जुड़ी हुई हैं। उन्होंने पत्र में इसे देश की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति में गाय का स्थान सदियों से श्रद्धा, सेवा और करुणा के प्रतीक के रूप में रहा है।

उन्होंने पत्र में आगे लिखा कि देश की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह आवश्यक प्रतीत होता है कि गाय के संरक्षण एवं संवर्धन को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व प्रदान किया जाए। उन्होंने साफ लहजे में कहा, "यदि भारत सरकार गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करती है तो इससे देशभर में गो-संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी सम्मान प्राप्त होगा।"

उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि यह किसी एक समुदाय अथवा वर्ग की नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा विषय है। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना भारतीय संस्कृति, सह-अस्तित्व एवं करुणा की उस भावना को और सशक्त करेगा, जिसने सदियों से इस देश को एक सूत्र में बांधकर रखा है।

राजद नेता मोहम्मद सोहैब ने पत्र के अंत में पीएम मोदी से निवेदन करते हुए कहा कि देशवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए गाय को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की कृपा की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags