Samachar Nama
×

राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र से पहले दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम भजनलाल

राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र से पहले दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम भजनलाल
राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र से पहले दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम भजनलाल

जयपुर, 6 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र का 20 अगस्त से आगाज होगा। सत्र की तैयारियों के बीच राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने गुरुवार को केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

विधानसभा सत्र से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दिल्ली दौरा अहम है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीर शेयर करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है।

वहीं, विधानसभा सत्र को लेकर राजस्थान सरकार में मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा, "संविधान और विधायी प्रक्रियाओं के अनुसार, विधानसभा का सत्र नियमित अंतराल पर बुलाया जाना चाहिए। इन सत्रों के दौरान राजस्थान के विकास और जन-कल्याण से जुड़े मामलों पर चर्चा होती है, सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी जाती है और जनता के हित में बिल पेश करके उन्हें पारित किया जाता है।"

उन्होंने कहा कि मानसून सत्र 20 अगस्त से शुरू करने का प्रस्ताव है। इस मानसून सत्र में राजस्थान की जनता के हित में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अच्छे कामों को बढ़ाया जाएगा।

उधर, मंत्री जोराराम कुमावत ने सरकार के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पिछले कई सालों से सराहनीय काम कर रही है। सरकार समाज के सबसे आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसी कल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है जिनसे सबसे वंचित वर्गों को सीधा लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि किसानों को मजबूत बनाने, महिलाओं को सशक्त करने, युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर पैदा करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कई पहल शुरू की गई हैं कि गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचें। सरकार ने 'राइजिंग राजस्थान' पहल भी शुरू की है, जो राज्य के विकास में योगदान दे रही है और साथ ही निजी क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा कर रही है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story