राजस्थान पंचायत चुनाव में भाजपा की होगी जीत: डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा
जयपुर, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान में पंचायत राज चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने दावा किया है कि पंचायत चुनाव में भाजपा जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा चुनावी मोड में रहती है और पार्टी के कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुःख तथा विकास कार्यों में भागीदारी निभाते हैं। बैरवा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार की ओर से किए गए कार्यों को भी पार्टी की संभावित जीत का आधार बताया।
डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता हर समय जनता के बीच रहकर काम करते हैं। जनता की समस्याओं को समझने और विकास कार्यों में भागीदारी निभाने के कारण पार्टी को लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत राज चुनाव में भाजपा को व्यापक समर्थन मिलेगा और पार्टी जीत हासिल करेगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार ने हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए काम किया है। राजस्थान की जनता लंबे समय से जिन कार्यों की उम्मीद कर रही थी, उन्हें पूरा करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। बैरवा ने यमुना जल समझौते, नर्मदा समझौते और ईआरसीपी का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान में पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश में बार-बार सूखे और पानी की कमी की समस्या सामने आती रही है, लेकिन सरकार इस समस्या को दूर करने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने बजट का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें शामिल योजनाओं पर धरातल पर काम भी शुरू हो रहा है। इन प्रयासों से राजस्थान के किसानों और आम जनता को लाभ मिलेगा तथा पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
उपमुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि राज्य में युवाओं को एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने पिछली व्यवस्था पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं को बेरोजगारी की ओर धकेला था। बैरवा ने कहा कि पेपर लीक मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने का काम किया गया है। उन्होंने राइजिंग राजस्थान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से भी युवाओं को अवसर देने के प्रयास किए गए हैं।
प्रेमचंद बैरवा ने विश्वास जताया कि राजस्थान की जनता मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के साथ है। उन्होंने दोहराया कि सरकार के विकास कार्यों और पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता के चलते पंचायत चुनाव में भाजपा को जनता का समर्थन मिलेगा।
--आईएएनएस
पीएसके

