Samachar Nama
×

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 : दूसरे चरण के लिए मतदान जारी, सीकर में 101 साल की मतदाता ने भी किया वोट

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 : दूसरे चरण के लिए मतदान जारी, सीकर में 101 साल की मतदाता ने भी किया वोट
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 : दूसरे चरण के लिए मतदान जारी, सीकर में 101 साल की मतदाता ने भी किया वोट

जयपुर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान में पंचायती राज चुनावों के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को प्रदेश के 22 जिलों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। राजसमंद, सीकर, डूंगरपुर और अलवर सहित विभिन्न जिलों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

राजसमंद जिले की 147 ग्राम पंचायतों और 1,303 वार्डों में दूसरे चरण का मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। जिले में कुल 489 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पिपाड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ी।

रिटर्निंग ऑफिसर रघुवीर सिंह चुंडावत ने मतदान की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया, "अभी तक मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण चल रहा है और सभी मतदाता आराम से मतदान कर रहे हैं।"

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पिपाड़ा सेंटर पर तैनात पुलिस अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण के चुनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा, "सुबह से ही यहां वोटरों की काफी भीड़ है। यह मुख्य सड़क पर स्थित सेंटर है, जहां आम लोगों और वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। साथ ही यहां उम्मीदवारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा भी है। इसे देखते हुए हमने नियमित बल के अलावा अतिरिक्त बल की तैनाती की है। हम लगातार सभी केंद्रों का दौरा कर स्थिति के अनुसार व्यवस्था बनाए हुए हैं।"

इस दौरान पहली बार वोट डालने आई एक मतदाता ने कहा, "उत्साह बहुत ज्यादा है। गांव के विकास के लिए वोट देना बहुत जरूरी है। हमारे गांव में कई समस्याएं हैं, जैसे सड़कों की खराब स्थिति, स्ट्रीट लाइटों का अभाव और पानी की कमी। जब हम स्कूल जाते थे तो बारिश में सड़कों पर काफी दिक्कत होती थी।"

उन्होंने कहा कि गांव में शिक्षा की स्थिति बेहतर है और पास में लाइब्रेरी भी उपलब्ध है, लेकिन सरकारी लाइब्रेरी, नालियों और सड़कों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो उम्मीदवार इन समस्याओं को दूर करेगा, गांव के लोग उसे ही चुनेंगे।

सीकर जिले में भी सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। यहां लोकतंत्र की एक मिसाल देखने को मिली, जहां 101 वर्ष से अधिक उम्र की एक बुजुर्ग महिला ने व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

कुलदीप नाम के युवक ने बताया, "दादी की उम्र 101 साल से अधिक हो चुकी है। उनकी आंखें थोड़ी कमजोर हो गई हैं, इसलिए उन्हें सहारे की जरूरत पड़ी। लेकिन वह आज तक एक भी चुनाव से अनुपस्थित नहीं रही हैं।"

कुलदीप ने आगे कहा कि गांव की सबसे बड़ी जरूरत सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं हैं। सरकार की कई योजनाएं निकलती हैं, लेकिन वे निचले स्तर तक नहीं पहुंच पातीं। उन्होंने कहा कि दादी जी ने हमेशा ऐसे उम्मीदवारों को वोट दिया है, जो सरकारी योजनाओं को गांव तक पहुंचा सकें और बुनियादी सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन कर सकें।

डूंगरपुर जिले में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत सात पंचायत समितियों की 201 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान चल रहा है। सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

इसी तरह अलवर जिले के राजगढ़ में भी पंचायती राज चुनाव 2026 के दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस जवानों के साथ-साथ मतदान कर्मियों को तैनात किया है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

Share this story