राजस्थान में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कमी नहीं होने देंगे : हीरालाल नागर
जयपुर, 25 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान सरकार के मंत्री हीरालाल नागर ने मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच विपक्ष के गैस संकट पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और गैस की कमी नहीं होने देंगे।
जयपुर में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि हमारे पास कोई कमी नहीं है। 15 दिन का पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की उपलब्धता है। विपक्ष द्वारा पैनिक पैदा करने की वजह से लोग चिंतित हुए थे। गैस को लेकर 9 लाख की वेटिंग आई थी, जो कि 3 लाख तक आ चुकी है। लोग भी जागरूक हैं और अच्छी बात है कि एलपीजी दो से तीन दिन में लोगों को मुहैया कराया जा रहा है। पीएम मोदी के प्रयास से लगातार चीजें ठीक हो रही हैं। विपक्ष को इसी बात की चिंता हो रही है कि कैसे सबकुछ ठीक हो रहा है। विपक्ष का काम तो गुमराह कर अराजकता पैदा करना है। जबकि, ऐसी स्थितियां आती हैं तो सभी को मिलकर देशहित में क्या बेहतर हो सकता है, इस पर काम करना चाहिए।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के सर्वदलीय बैठक में नहीं जाने पर मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि उन्हें विकास से कोई लेना-देना नहीं है, जबकि हमारे प्रधानमंत्री सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं, इसमें विपक्ष को भी शामिल किया जाता है। विपक्ष को लगता है कि अगर उन्हें सरकार के समक्ष कोई बात रखनी है, जिससे इस संकट की घड़ी में कुछ बेहतर हो सकता है, तो उन्हें इस तरह की बैठक में आना चाहिए। लेकिन, दुर्भाग्य है कि विपक्ष का काम सिर्फ देश में अराजकता फैलाना है।
मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि बिजली कट की समस्या प्रदेश में नहीं होने देंगे। वितरण कंपनियों पर पूरी तरह से नजर बनी हुई है। हमारे पास पर्याप्त तौर पर बिजली की उपलब्धता है। हमारे पास अभी बिजली की मांग कम है, इसीलिए 9 प्लांट बंद कर रखे हैं। लेकिन, विपक्ष को इस पर भी जनता को गुमराह करना है। हमारी सरकार ने पिछले साल भी जनता को पर्याप्त मात्रा में बिजली मुहैया कराई थी। इस साल भी हमारी कोशिश रहेगी कि किसी को बिजली की समस्या से न जूझना पड़े। बिजली की सप्लाई होती रहेगी।
दूसरी ओर राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री और प्रभावशाली लोगों के घरों में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। लेकिन राजस्थान की आम जनता गैस सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रही है, लंबी लाइनों में पिस रही है, और ब्लैक में महंगे दाम देकर सिलेंडर खरीद रही है। 27 मार्च को हम जयपुर में शहीद स्मारक पर बड़ा जनआंदोलन करेंगे, ताकि सरकार की नींद टूटे और जनता को राहत मिले। ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

