राजस्थान में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, शेखावाटी में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे जाने की संभावना
जयपुर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। हाल ही में हुई बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा लेकिन तापमान में गिरावट के कारण सर्दी का एहसास और बढ़ जाएगा। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान इस संबंध से विस्तार से जानकारी दी।
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 48 घंटों के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। अब प्रदेश में बारिश का दौर थम गया है। राजस्थान के अधिकांश इलाकों में अगले एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
उन्होंने कहा कि उत्तरी हवाओं के सक्रिय होने से प्रदेश में सर्दी और बढ़ेगी। अगले दो से तीन दिनों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसका सीधा असर दिन और रात के तापमान पर पड़ेगा। सुबह और शाम के समय ठंडक और अधिक महसूस होगी।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 13 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। सबसे कम तापमान शेखावाटी क्षेत्र में दर्ज हो रहा है, जो प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका माना जाता है। अगले तीन से चार दिनों में शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे जा सकता है। दिन के अधिकतम तापमान में भी आने वाले दिनों में दो से चार डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। इससे दिन के समय भी ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम

