Samachar Nama
×

राजस्थान: खेल-खेल में मासूम की मौत, झूला झूलते वक्त गले में फंसा फंदा

डूंगरपुर, 28 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान में डूंगरपुर जिले के मांडवा बियोला गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर के पास बबूल के पेड़ पर रस्सी बांधकर झूला झूल रहे नौ वर्षीय बच्चे की जान चली गई।
राजस्थान: खेल-खेल में मासूम की मौत, झूला झूलते वक्त गले में फंसा फंदा

डूंगरपुर, 28 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान में डूंगरपुर जिले के मांडवा बियोला गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर के पास बबूल के पेड़ पर रस्सी बांधकर झूला झूल रहे नौ वर्षीय बच्चे की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, सोहनलाल कलासुआ का नौ वर्षीय बेटा निकुल झूला झूल रहा था। खेल-खेल में अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे रस्सी उसके गले में फंस गई और वह फंदे पर लटक गया। जब उसका बड़ा भाई अंकित उसे ढूंढते हुए मौके पर पहुंचा तो भाई को लटका देख जोर-जोर से चिल्लाने लगा।

शोर सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर आए और तुरंत बच्चे को फंदे से उतारकर डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने निकुल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

हादसे के समय बच्चे की मां हंसा पड़ोसी गांव में गेहूं साफ करने गई हुई थी, जबकि पिता सोहनलाल गुजरात में रोजगार के सिलसिले में गए थे। सूचना मिलने पर पिता शनिवार दोपहर अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे। पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बेटे की मौत को दुर्घटना बताते हुए किसी भी प्रकार की शंका से इनकार किया है।

बिछीवाड़ा थाना के एएसआई शिशुपाल सिंह ने आईएएनएस को बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि परिजनों को किसी पर शंका नहीं है। ऐसा लग रहा है कि खेल-खेल में बच्चा हादसे का शिकार हुआ है। फिर भी मामले की जांच कर वजह का खुलासा किया जाएगा।

खेल-खेल में बच्चों की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी बच्चे खेल-खेल में हादसे का शिकार हुए हैं। इसी महीने लखनऊ में 12 वर्षीय बच्चे की मौत एक पार्टी के दौरान हो गई थी। बीते महीने गाजियाबाद से एक दर्दनाक खबर सामने आई थी। तीन सगी बहनें एक ऑनलाइन गेम का टास्क पूरा करने के चक्कर में 9वीं मंजिल से कूद गई थीं।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी

Share this story

Tags