Samachar Nama
×

राजस्थान: भरतपुर में वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं का हमला, कई कर्मचारी हुए घायल

राजस्थान: भरतपुर में वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं का हमला, कई कर्मचारी हुए घायल
राजस्थान: भरतपुर में वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं का हमला, कई कर्मचारी हुए घायल

भरतपुर, 26 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के भरतपुर जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला हुआ है। इस हमले में कोट नाके के फॉरेस्टर भगवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके पैर में फ्रैक्चर आया है। अन्य वनरक्षक भी चोटिल हुए हैं। इसके अलावा, वन विभाग की गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग को डांग इलाके में अवैध खनन की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और अवैध खनन में प्रयुक्त एक कंप्रेसर जब्त कर वापस लौट रही थी। तभी बीच रास्ते में करीब 50 की संख्या में एकराय होकर आए खनन माफियाओं ने टीम को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। आरोप है कि माफियाओं ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

घायल फॉरेस्टर भगवान सिंह ने आईएएनएस को बताया कि लगभग 10-15 कर्मचारियों की टीम कौड़ापुरा इलाके में गश्त कर रही थी। वहां हमें कुछ लोग अवैध खनन करते हुए दिखे। वे लोग हमें देखकर भाग निकले थे। टीम ने मौके से औजार और एक ट्रैक्टर को जब्त किए। जब टीम सामान को जब्त करके ले जा रही थी, उसी समय जंगल में हमें घेर लिया गया।

उन्होंने बताया कि लोगों ने टीम पर पत्थरों से हमला किया था। फॉरेस्टर भगवान सिंह ने बताया कि टीम के दो से तीन साथी घायल हुए हैं, जिनमें वे स्वयं शामिल हैं।

फॉरेस्टर ने कहा कि हमलावरों ने उनके पैर पर पत्थर मारकर घायल कर दिया। पहले उन्हें बयाना अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने पैर में गंभीर चोट देखते हुए उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका उपचार आरबीएम अस्पताल में चल रहा है। अन्य घायल वनकर्मियों का भी इलाज जारी है। वन विभाग की ओर से गढ़ी बाजना थाने में मामला दर्ज करा दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही गढ़ी बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बयाना एएसपी रामगोपाल बसवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने डांग इलाके में आरोपियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

गौरतलब है कि भरतपुर संभाग में अवैध खनन लंबे समय से गंभीर समस्या बना हुआ है। कार्रवाई करने जाने वाली टीमों पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से खनन माफिया पर नकेल कसने की मांग की है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags