राजस्थान: अजमेर पुलिस की 27वीं कार्रवाई, एक और बांग्लादेशी नागरिक पकड़ा
अजमेर, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। अजमेर जिला पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान के तहत 27वीं कार्रवाई करते हुए एक 52 वर्षीय व्यक्ति को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, अब तक जिले में कुल 61 बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई 12 अक्टूबर को दरगाह थाना पुलिस और सीआईडी जोन अजमेर की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ के निर्देशन और वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के नेतृत्व में टीम संदिग्धों की तलाश कर रही थी। टीम ने दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क, तारागढ़ सहित विभिन्न इलाकों में तलाश के बाद एक संदिग्ध को पकड़ा।
पूछताछ में उसने अपना नाम गुलाम मुस्तफा, निवासी मुगलहाट, जिला लालमुनिरहाट, बांग्लादेश बताया। पुलिस के अनुसार, उसने करीब 25 साल पहले पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल में रहने के साथ दिल्ली, उत्तराखंड, हरिद्वार, असम, गुजरात और महाराष्ट्र सहित विभिन्न स्थानों पर खानाबदोश के रूप में रहा। करीब तीन महीने पहले वह दोबारा अजमेर आया था और दरगाह क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस ने उसे अवैध रूप से निवास करने के संदेह में दस्तयाब कर दरगाह थाने लाकर पूछताछ शुरू की है। उसके भारत में प्रवेश, लंबे समय तक अलग-अलग स्थानों पर रहने और अन्य संभावित संपर्कों के संबंध में जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एमएस/

