Samachar Nama
×

रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया, मास्टरमाइंड समेत 7 गिरफ्तार

रायपुर, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की एंटी क्राइम और साइबर यूनिट ने गिरोह के सरगना गुलशन उर्फ बाबू खेमानी समेत सात आरोपियों को मुंबई और गोवा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक बड़े ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क को भी तोड़ दिया है।

पुलिस के अनुसार, बाबू खेमानी अपने भाई करण खेमानी के साथ पिछले ढाई साल से 3स्टंप्स, रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 और डायमंड मास्टर नाम के ऑनलाइन सट्टा पैनल चला रहा था। आरोपी सोशल मीडिया पर प्रभावशाली व्यक्ति बनकर हाई प्रोफाइल लोगों से संपर्क करता था और उनसे सट्टेबाजी का कारोबार चलाता था।

मुंबई में छापेमारी के दौरान बाबू खेमानी, रोहित सिंह और विशाल कश्यप को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन और एक लग्जरी कार बरामद हुई। वहीं गोवा में छापा मारकर चार अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। वहां से दो लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, राउटर, कैलकुलेटर, एटीएम कार्ड और हिसाब-किताब की कई कॉपियां जब्त की गईं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह पैसे के लेन-देन के लिए किराए के बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। देशभर से एजेंटों के जरिए 20 से 30 हजार रुपए में बैंक खाते किराए पर लिए जाते थे। इन खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन हुए हैं, जिनकी विस्तृत जांच चल रही है।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि बाबू खेमानी कई बार दुबई, थाईलैंड और बैंकॉक की यात्रा कर चुका है। पुलिस अब उसके विदेशी संपर्कों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

इस मामले में रायपुर के गंज थाने में अपराध दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

रायपुर पुलिस ने बताया कि इस साल कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अब तक ऑनलाइन सट्टेबाजी के 11 मामलों में 64 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने इन मामलों में कुल 2.96 करोड़ रुपए की नकदी, संपत्ति, वाहन, मोबाइल और लैपटॉप जब्त किए हैं।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags