यूपी-बिहार से उत्तराखंड तक बारिश का कहर, चित्रकूट में 80 से ज्यादा मकान ढहे, फुटेज में देंखे देहरादून में कार बहने से 2 की मौत
उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कहीं नदियां उफान पर हैं तो कहीं तेज बरसाती बहाव लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के बढ़े जलस्तर से 80 से ज्यादा कच्चे मकान ढह गए हैं। वहीं बिहार के जहानाबाद में दरधा नदी का पानी जाफरगंज पुल के ऊपर से बह रहा है। उत्तराखंड के देहरादून में तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई, जिसमें सवार तीन लोगों में से दो की मौत हो गई और एक को SDRF ने सुरक्षित बचा लिया।
चित्रकूट में मंदाकिनी का रौद्र रूप
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में भारी बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी में आई बाढ़ के कारण कई इलाकों में पानी भर गया और 80 से अधिक कच्चे मकानों के ढहने की सूचना है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। चित्रकूट में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण आसपास के इलाकों में भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
जहानाबाद में पुल के ऊपर बह रहा पानी
बिहार के जहानाबाद में दरधा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से हालात बिगड़ गए हैं। जाफरगंज पुल के ऊपर करीब दो फीट से ज्यादा पानी बह रहा है। इससे आवागमन प्रभावित हुआ है और आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है। मौसम विभाग ने पटना समेत राज्य के 14 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में नदी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
देहरादून में तेज बहाव में बही क्रेटा
उत्तराखंड के देहरादून में देर रात भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हुआ। प्रेमनगर क्षेत्र के पौंधा में तेज बरसाती बहाव की चपेट में आने से क्रेटा कार बह गई। हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे। सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने एक युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो लोगों के शव बरामद किए गए।
देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन दोनों जिलों में ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। देहरादून में भारी बारिश के चलते 1 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश भी घोषित किया गया है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और बिहार के साथ उत्तराखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। खासकर बारिश के दौरान जलमग्न पुलों और सड़कों से गुजरने से बचने की सलाह दी गई है।लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और कई निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है। लोगों से अपील की गई है कि मौसम विभाग और प्रशासन की चेतावनियों को गंभीरता से लें और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

