रेलटेल कॉर्पोरेशन में 40 अप्रेंटिस पदों पर आवेदन शुरू, 27 अगस्त तक युवाओं के पास अवसर
नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (आरसीआईएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, आरसीआईएल ने विभिन्न राज्य/स्थान के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग क्षेत्र में एक वर्ष की अवधि के लिए अप्रेंटिस के कुल 40 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आरसीआईएल की ओर से जारी 40 रिक्तियों में ग्रेजुएट इंजीनियर के 32 और डिप्लोमा इंजीनियर के 8 पद शामिल हैं। इस वैकेंसी के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एनएटीएस के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि किसी और माध्यम से किए गए आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित वैकेंसी के अनुसार, इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी में फुल-टाइम रेगुलर चार वर्ष की ग्रेजुएशन/इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी में फुल-टाइम रेगुलर तीन वर्ष का डिप्लोमा न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ होना चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 28 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट सूची के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद ग्रेजुएट अप्रेंटिस पोस्ट पर चयनित कैंडिडेट्स को 14,000 रुपए और डिप्लोमा अप्रेंटिस पद पर चुने गए अभ्यर्थियों को 12,000 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।
रेलटेल कॉर्पोरेशन की ओर से जारी रिक्तियों पर चुने गए उम्मीदवारों की पोस्टिंग कॉर्पोरेट ऑफिस (नई दिल्ली/गुड़गांव) और पूरे भारत में उत्तरी, पूर्वी, दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्रीय लोकेशन पर किए जाएंगे।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

