राहुल-प्रियंका को लेकर कांग्रेस में खींचतान है: योगेंद्र चंदोलिया
नई दिल्ली, 4 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों भाई-बहन को लेकर पार्टी के अंदर खींचतान और सिर-फुटौव्वल है।
भाजपा सांसद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर कांग्रेस के अंदर बड़ी खींचतान है। कांग्रेस का एक बड़ा वर्ग राहुल गांधी से किनारा करना चाहता है। देश के लोग कांग्रेस को स्वीकार नहीं करने वाले हैं। कांग्रेस में बड़ा अंदरूनी झगड़ा चल रहा है। यह अभी पूरी तरह से दिख नहीं रहा है, लेकिन यह सामने आने लगा है। राहुल गांधी का प्रयोग हो चुका है और वे फेल हुए हैं। पार्टी का अध्यक्ष बनने के बावजूद वे पार्टी को देश में जीवित नहीं कर पाए। हालांकि, यह उनका निजी मामला है। लेकिन, देश में कांग्रेस की जड़ें खत्म हो चुकी है, कांग्रेस को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। असम में कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति को अमेरिका द्वारा पकड़े जाने पर भाजपा सांसद ने कहा कि हमारे देश में लोकतंत्र पर बिल्कुल भी खतरा नहीं है। विपक्षी पार्टियों को यह कहने की आदत है कि लोकतंत्र खतरे में है। वेनेजुएला की स्थिति के बारे में देखा जाए तो, अमेरिका ने राष्ट्रपति को हिरासत में ले लिया है। यह कोई मामूली घटना नहीं है। ऐसे मामलों में जो भी कार्रवाई करने की जरूरत है, वह उस देश का अपना मामला है। मुझे लगता है कि अमेरिका का इसमें दखल देना सही नहीं है।
योगेंद्र चंदोलिया ने संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा लव जिहाद को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया। सांसद ने कहा कि देश के हर व्यक्ति को अपने बच्चों से बातचीत करनी चाहिए। क्योंकि लव जिहाद करने वाले लोग घोर अत्याचार करते हैं, देश में लव जिहाद को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
दिल्ली विधानसभा सत्र में भाजपा सांसद ने कहा कि प्रदूषण पर चर्चा होनी चाहिए। 11 महीने बनाम 10 महीने। विधानसभा में चर्चा होगी तो जनता भी सबकुछ जानेगी। लेकिन, आम आदमी पार्टी चर्चा में भाग नहीं लेगी, हंगामा करना पुरानी आदत है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

