Samachar Nama
×

राहुल गांधी का बड़ा दावा- जानबूझकर हटाई गई थी राजीव गांधी की सुरक्षा, बोले- पिता के अंतिम संस्कार में लौटना पड़ सकता है

राहुल गांधी का बड़ा दावा- जानबूझकर हटाई गई थी राजीव गांधी की सुरक्षा, बोले- पिता के अंतिम संस्कार में लौटना पड़ सकता है

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर बड़ा दावा किया है। राहुल के मुताबिक, उनके पिता की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। उन्होंने यह बात अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ एक वीडियो बातचीत में कही।

यह वीडियो सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ पर चर्चा के दौरान सामने आया। इस किताब का विमोचन 16 नवंबर को दिल्ली में किया गया था। बातचीत में राहुल ने बताया कि उन्होंने अपनी मां को पहले ही राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर आगाह किया था।

गौरतलब है कि 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक आत्मघाती हमले में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। उस समय उनकी उम्र 46 साल थी।

सोनिया गांधी बोलीं- बिहार दौरे के बाद राहुल ने जताई थी चिंता

वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि राहुल अपने पिता राजीव गांधी के साथ बिहार के दौरे पर गए थे। उन्होंने उस यात्रा को बेहद डरावना अनुभव बताया। उस समय राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे और खुले जीप में चुनाव प्रचार कर रहे थे। इस दौरान भीड़ की ओर से उन पर पत्थर फेंके गए थे।

सोनिया के मुताबिक, उस दौरे से लौटने के बाद राहुल ने उनसे कहा था कि अगर पिता की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होना पड़ सकता है।

राहुल ने बातचीत में बिहार के इस दौरे को सुरक्षा के मामले में आखिरी चेतावनी बताया। उन्होंने कहा कि वह इससे पहले भी अपने पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता जता चुके थे।

राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर विपक्ष भी उठाता था सवाल

इंदिरा गांधी की 1984 में हत्या के बाद राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद उनकी सुरक्षा काफी कड़ी कर दी गई थी। वह कई वर्षों तक बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर सार्वजनिक कार्यक्रमों और चुनावी रैलियों में शामिल होते थे।

हालांकि, उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विपक्षी नेताओं ने भी सवाल उठाए थे। कुछ नेताओं का कहना था कि कमांडो और कड़ी सुरक्षा के कारण राजीव गांधी आम लोगों से दूर हो गए हैं।

1989 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद विपक्षी गठबंधन सत्ता में आया और वीपी सिंह प्रधानमंत्री बने। उस दौर में राजीव गांधी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी हुई थी।

राजीव गांधी ने खुद सुरक्षा और जनता से दूरी पर जताई थी चिंता

रिपोर्ट के मुताबिक, राजीव गांधी ने 5 मई 1991 को बिहार की एक चुनावी रैली में अपनी सुरक्षा व्यवस्था और जनता से दूरी को लेकर बात कही थी।

उन्होंने कहा था कि 1984 में कांग्रेस महासचिव रहते हुए वह इसी तरह चुनाव प्रचार करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद सुरक्षा व्यवस्था ने उन्हें एक तरह से अपने घेरे में ले लिया।

राजीव गांधी ने यह भी कहा था कि खतरा अब भी बना हुआ है, लेकिन उनके सामने दो विकल्प हैं- या तो वह चुनाव प्रचार करें या फिर अपनी सुरक्षा की चिंता करते रहें।

21 मई 1991 को श्रीपेरंबदूर में हुआ था आत्मघाती हमला

1991 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राजीव गांधी तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर पहुंचे थे। 21 मई की रात एक चुनावी कार्यक्रम में एक महिला चंदन की माला लेकर उनके पास आई। जैसे ही वह उनके करीब पहुंची, आत्मघाती विस्फोट हो गया।

इस हमले में राजीव गांधी समेत कई लोगों की मौत हुई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था।

प्रियंका गांधी ने बताया- पिता की सुरक्षा को लेकर परेशान रहती थीं सोनिया

वीडियो बातचीत में प्रियंका गांधी ने भी परिवार के उस दौर को याद किया। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंतित रहती थीं।

प्रियंका के मुताबिक, सोनिया घर के आसपास लगी कांटेदार तारों की जांच करती थीं और यह भी देखती थीं कि सुरक्षा में तैनात गार्ड ठीक से सतर्क हैं या नहीं।

प्रियंका ने बताया कि उनका कमरा घर के सामने की तरफ था। वह रात में अपने पिता के कदमों की आवाज सुनने तक सोती नहीं थीं। इस बातचीत में गांधी परिवार ने राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर उस समय की चिंताओं और परिवार पर पड़े मानसिक दबाव को याद किया।

Share this story

Tags