राहुल गांधी विदेशी आकाओं को खुश करने के लिए भारत का अपमान करते रहे : तरुण चुघ
नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। भाजपा सांसद तरुण चुघ ने जबलपुर कोर्ट में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा माफी मांगने के मुद्दे पर तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने राहुल गांधी पर भारत और भारतीय संस्थाओं को लगातार बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी राजनीति विदेशी एजेंडे से प्रेरित रही है। साथ ही, उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करने वाले लेख का हवाला देते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया।
राहुल गांधी के माफी मांगने पर तरुण चुघ ने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से विदेशी टूलकिट और विदेशी आकाओं के इशारों पर काम करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी टूलकिट के आदेशानुसार अपने विदेशी आकाओं को खुश करने के लिए भारत, भारतीयता, सनातन संस्कृति, देश की संस्थाओं और नायकों को अपमानित करने का खेल खेलते रहे हैं। उनका व्यवहार हमेशा एक कठपुतली की तरह रहा है। झूठ बोलना, भ्रम फैलाना और भय का माहौल बनाना उनकी आदत बन चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी की विश्वसनीयता लगातार कम हुई है और अब देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी लोग उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। चुघ के अनुसार, कांग्रेस पार्टी के भीतर और बाहर दोनों जगह राहुल गांधी की राजनीतिक स्वीकार्यता कमजोर हुई है।
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा किए जाने संबंधी लेख पर टिप्पणी करते हुए तरुण चुघ ने कांग्रेस पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में परिवारवाद को बढ़ावा देने के लिए योग्य और अनुभवी नेताओं की अनदेखी की जाती रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में परिवारवादी राजनीति के कारण प्रतिभाशाली, योग्य और वरिष्ठ नेताओं को हमेशा पीछे धकेला गया। उन्हें अपमानित किया गया और उनका दमन किया गया, ताकि नेतृत्व कुछ चुनिंदा लोगों के हाथों में बना रहे। भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय प्रणब मुखर्जी ने भी कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की थी। उनके अनुसार, प्रणब मुखर्जी का मानना था कि नरेंद्र मोदी का नेतृत्व देश को नई दिशा देने में सक्षम है।
भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के विभिन्न देशों का नेतृत्व भारत के साथ साझेदारी बढ़ाना चाहता है और भारत को एक महत्वपूर्ण वैश्विक शक्ति के रूप में देख रहा है। प्रणब दा ने जो सपना नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को लेकर देखा था, वह आज साकार होता दिखाई दे रहा है। दुनिया के हर महाद्वीप और हर बड़े देश में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। अनेक देश भारत के साथ व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी बढ़ाना चाहते हैं।
उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है और पिछले वर्षों में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली, देश के प्रति समर्पण और चुनौतियों का सीधे सामना करने की क्षमता ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। बीते 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति को मजबूत किया है और यह वही दिशा है जिसकी कल्पना पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को देखकर की थी।
--आईएएनएस
पीएसके

