Samachar Nama
×

जंतर-मंतर प्रदर्शनकारी साहिल की FIR के लिए राहुल गांधी धरने पर बैठे, वीडियो में जाने दिल्ली पुलिस ने दर्ज करने की दी सहमति

जंतर-मंतर प्रदर्शनकारी साहिल की FIR के लिए राहुल गांधी धरने पर बैठे, वीडियो में जाने दिल्ली पुलिस ने दर्ज करने की दी सहमति

नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्र साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज कराने को लेकर शुक्रवार को सियासी घमासान तेज हो गया। दिल्ली पुलिस ने साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज करने के लिए सहमति जताई है। हालांकि पुलिस फिलहाल यह मामला अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज करने की तैयारी में है। साहिल का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के छर्रे लगने से उसकी आंख की रोशनी चली गई।

साहिल की FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी ने साफ कहा कि जब तक साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की जाती, तब तक वह थाने से नहीं हटेंगे। उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश समेत कई नेता मौजूद रहे।

धरने के दौरान राहुल गांधी ने साहिल के शरीर से निकले पैलेट के छर्रे दिखाते हुए पुलिस और सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ये छर्रे इस बात का सबूत हैं कि पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ है। राहुल ने सवाल किया कि अगर पुलिस ने पैलेट गन नहीं चलाई तो फिर यह गन किसने चलाई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि FIR दर्ज नहीं करने के लिए उन्हें ऊपर से निर्देश मिले हैं।

दरअसल, 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्र साहिल घायल हो गए थे। साहिल का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के छर्रे लगने से उसकी आंख गंभीर रूप से प्रभावित हुई और उसकी रोशनी चली गई। इसके बाद से ही वह घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग कर रहा है।राहुल गांधी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि घायल छात्र को न्याय मिलना चाहिए और घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो यह सवाल उठेगा कि आखिर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किसने किया था।

पुलिस द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की सहमति के बाद फिलहाल राहुल गांधी के धरने को लेकर स्थिति बदल सकती है। हालांकि कांग्रेस की मांग है कि सिर्फ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बजाय घटना की पूरी जांच की जाए और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।साहिल की शिकायत और FIR को लेकर अब दिल्ली पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर है। मामले में जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रदर्शन के दौरान गोली या पैलेट गन का इस्तेमाल किसने किया और छात्र को लगी चोट के लिए कौन जिम्मेदार है।

Share this story

Tags