Samachar Nama
×

पहले विदेश नीति की सही जानकारी लें राहुल गांधी फिर कोई बयान दें : टीआर श्रीनिवास

पहले विदेश नीति की सही जानकारी लें राहुल गांधी फिर कोई बयान दें : टीआर श्रीनिवास
पहले विदेश नीति की सही जानकारी लें राहुल गांधी फिर कोई बयान दें : टीआर श्रीनिवास

हैदराबाद, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के नेता टीआर श्रीनिवास ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में इजरायल-गाजा और भारत की विदेश नीति पर दिए गए राहुल गांधी के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर नीति में तुष्टीकरण ढूंढते हैं और चुनिंदा मुद्दे उठाते हैं। श्रीनिवास ने सवाल किया कि राहुल गांधी 7 अक्टूबर के आतंकी हमले की निंदा क्यों नहीं करते, क्या उन्हें वोट बैंक के नाराज होने का डर है।

भाजपा नेता टीआर श्रीनिवास ने कहा, "मैं राहुल गांधी का कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिया गया बयान देख रहा था, जिसमें उन्होंने इजरायल के साथ भारत के संबंधों और गाजा और फिलिस्तीन के संदर्भ में भारत की नीति पर बात की। मैं विनम्रतापूर्वक राहुल गांधी से अनुरोध करना चाहूंगा कि वे पहले पूरी जानकारी प्राप्त करें और उन लोगों की सलाह लें, जिन्हें कांग्रेस के भीतर विदेश नीति की अच्छी समझ है और जो विदेश नीति संबंधी स्थायी समिति में भी हैं। विशेष रूप से डॉ. शशि थरूर, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र में और यूपीए सरकार के दौरान विदेश नीति से जुड़े विषयों पर कई वर्षों तक कार्य किया है।"

उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यह है कि राहुल गांधी घरेलू हो या अंतरराष्ट्रीय, हर नीति में तुष्टीकरण का मुद्दा तलाशते हैं। दूसरी बड़ी समस्या यह है कि वे चुनिंदा विषयों और मुद्दों को अपनी सुविधा के अनुसार उठाते हैं। भारत हमेशा गाजा में हिंसा रोकने के पक्ष में रहा है। भारत दो-राष्ट्र सिद्धांत और संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में शांति वार्ता का समर्थन करता है। अब राहुल गांधी को यह समझना होगा कि हिंसा हर स्तर पर रोकी जानी चाहिए और हमास द्वारा बंधक बनाए गए सभी लोगों को रिहा किया जाना चाहिए।

भाजपा नेता ने कहा कि मैं वास्तव में नहीं समझ पा रहा हूं कि राहुल गांधी 7 अक्टूबर को हुए आतंकवादी हमले की निंदा क्यों नहीं करते। आखिर समस्या क्या है? क्या यह वोट बैंक की राजनीति है? क्या उन्हें भारत में वोट बैंक के नाराज होने का डर है? राहुल गांधी, दुनिया में कहीं भी बोलने से पहले कृपया अपने तथ्यों को सही कर लें। अन्यथा आप भारत के लिए राजनयिक स्तर पर एक बड़ी समस्या उत्पन्न कर रहे हैं।

टीआर श्रीनिवास ने कहा कि गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबी उन्मूलन का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2011 के आसपास निम्न-मध्यम वर्ग के लगभग 57 प्रतिशत लोग गरीबी की श्रेणी में थे। अब विश्व बैंक और भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार यह प्रतिशत घटकर लगभग 16.6 फीसदी रह गया है। पूरे बयान का सार यह है कि प्रधानमंत्री और एनडीए सरकार के नेतृत्व में ऐसी नीतियां लागू की गईं, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंची हैं, जिसे हम अंत्योदय कहते हैं।

उन्होंने कहा कि इन नीतियों के माध्यम से गरीबी उन्मूलन, स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि भारत के प्रत्येक नागरिक को दो वक्त की रोटी मिले और वह गरिमा के साथ जीवन जी सके। गरीबी उन्मूलन पर अपने वक्तव्य में प्रधानमंत्री इसी बात पर विशेष जोर दे रहे थे।

भाजपा नेता ने कहा कि मैं कंगना रनौत के महिला आरक्षण विधेयक पर दिए गए बयान का समर्थन करता हूं। उन्होंने (कंगना रनौत) कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के रास्ते में बाधाएं खड़ी कर रही है और उसकी सोच हमेशा महिलाओं के प्रति प्रतिकूल रही है। हां, यह सच है। कांग्रेस की सोच सामंती रही है। यही बात इंडिया गठबंधन में शामिल अन्य दलों जैसे समाजवादी पार्टी, राजद, द्रमुक और कांग्रेस के सहयोगी अन्य दलों पर भी लागू होती है।

उन्होंने कहा कि अब प्रश्न यह है कि कांग्रेस महिला आरक्षण के मामले में पीछे क्यों जाना चाहती है और परिसीमन विधेयक का समर्थन क्यों नहीं करना चाहती, जबकि दोनों विषय परस्पर जुड़े हुए हैं, क्योंकि कांग्रेस नहीं चाहती कि महिला शक्ति और महिला नेतृत्व दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर आजादी के बाद से चली आ रही राजनीतिक धारणाओं, तथ्यों और आंकड़ों को चुनौती दें। यही सबसे बड़ी समस्या है और यही कांग्रेस का सबसे बड़ा डर है।

--आईएएनएस

केके/वीसी

Share this story

Tags