राहुल गांधी पर बदनामी का आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांके: हर्षवर्धन सपकाल
मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि देश की बदनामी के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराने के बजाय सरकार को अपनी कार्यशैली पर विचार करना चाहिए। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, लोकतांत्रिक व्यवस्था और लोगों के मोबाइल फोन से जुड़ी चिंताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को पहले अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए।
सपकाल ने कहा कि भारत गणतांत्रिक और लोकतांत्रिक देश होने के बावजूद सभी लोगों को साथ लेकर चलने में सफल नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश में विपक्ष और सत्ता पक्ष के कुछ लोगों के मोबाइल फोन से जुड़ी गतिविधियों के कारण भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने एक फाइल में दुनिया के जिन लोगों के नाम सामने आने का जिक्र करते हुए कहा कि संबंधित लोगों पर कार्रवाई हुई, लेकिन भारत में मंत्री अब भी पद पर बने हुए हैं। बढ़ती बेरोजगारी और विकास के विभिन्न मानकों पर देश का लगातार नीचे जाना भी बदनामी की वजह है।
परिसीमन को लेकर सुप्रिया सुले की टिप्पणी पर सपकाल ने कहा कि इंडिया गठबंधन इस मुद्दे के खिलाफ है। गठबंधन के सभी दल इस विषय पर एकजुट रहेंगे और आपसी समन्वय के साथ आगे की रणनीति बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन इस मुद्दे पर अपने सभी सहयोगी दलों से बातचीत करेगा। वहीं, एनसीपी के संभावित विलय के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह अब काफी पुरानी बात हो चुकी है और एनसीपी के नेता इस विषय पर स्पष्ट रूप से अपनी टिप्पणी कर चुके हैं।
अजित पवार के विमान हादसे को लेकर रोहित पवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सपकाल ने कहा कि इस दुर्घटना को लेकर कई आशंकाएं हैं। लगभग एक साल बीतने के बावजूद अब तक इन आशंकाओं का जवाब क्यों नहीं मिला और सरकार की ओर से रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है। सरकार की चुप्पी के कारण मामले में संदेह पैदा हो रहा है। रोहित पवार पहले भी लगातार तथ्यों के साथ अपनी बात रख चुके हैं, लेकिन उनके सवालों का जवाब नहीं मिला। सपकाल ने कर्नाटक में दर्ज एफआईआर का उल्लेख करते हुए कहा कि उस मामले में भी अब तक कोई प्रगति सामने नहीं आई है।
मोहन भागवत के हालिया बयान पर सपकाल ने कहा कि उनके विचारों वाली सरकार केंद्र और राज्य, दोनों जगह सत्ता में है। ऐसे में उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि विदेश से मदद कौन कर रहा है और किसे मदद मिल रही है। मोहन भागवत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राहुल गांधी की चुनौती स्वीकार करने के लिए कहना चाहिए। राहुल गांधी ने विदेशी मदद और विदेशी दबाव के मुद्दे पर बहस की चुनौती दी है। उन्होंने सवाल किया कि यदि इस विषय पर चर्चा होनी है, तो प्रधानमंत्री को आगे आकर जवाब देना चाहिए।
राहुल गांधी के विदेश दौरे और सत्ता परिवर्तन नहीं कर पाने संबंधी टिप्पणी पर सपकाल ने कहा कि मुद्दा केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं है। देश में भ्रष्टाचार और गणतंत्र पर मंडरा रहे खतरे के खिलाफ संघर्ष जारी है।
महाराष्ट्र में बॉलीवुड हस्तियों को निशाना बनाए जाने और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सपकाल ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बॉलीवुड को टारगेट किया जा रहा है, उससे राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज पूरा बॉलीवुड मानो 'कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन' गा रहा है। अच्छे दिनों की बातें सुनने के बाद अब फिल्म जगत से जुड़े लोगों की जान-माल की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार के गृह विभाग की विफलता को जिम्मेदार ठहराया।
--आईएएनएस
पीएसके

