12 साल में छठे अमेरिकी दौरे पर राहुल गांधी: कोलंबिया यूनिवर्सिटी में अर्थव्यवस्था और बेरोजगारी पर की चर्चा, सत्तापक्ष ने साधा निशाना
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और इसकी बड़ी वजह बड़े पैमाने पर बेरोजगारी के साथ शिक्षा व्यवस्था की खामियां हैं। राहुल के मुताबिक, आज युवाओं में निराशा बढ़ रही है, क्योंकि उन्हें अपने भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट रास्ता दिखाई नहीं दे रहा।राहुल गांधी ने ये बातें बुधवार को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के साथ बातचीत के दौरान कहीं। वे दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। अपने कार्यक्रम के तहत उन्हें यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो भी जाना है।
राहुल की बातचीत की 5 बड़ी बातें
1. SIR अभियान के खर्च पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के खर्च को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह सामान्य अभियान से बिल्कुल अलग था और इसमें अनुमान से 20, 30, 40 या 50 गुना तक ज्यादा पैसा खर्च किया गया। राहुल ने सवाल किया कि इस अभियान में इतनी बड़ी रकम कहां से आई और खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है।
2. वोटों के अंतर को बताया असामान्य
चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अचानक 5 लाख वोटों का अंतर आ जाना संभव नहीं लगता। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पास चुनावी आंकड़ों और नतीजों को लेकर कई सवाल हैं। राहुल के मुताबिक, पार्टी के पास चुनावी गड़बड़ी से जुड़े सबूत हैं और उन्हें सामने लाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
3. चुनावी व्यवस्था में सुधार की जरूरत
राहुल गांधी ने कहा कि देश की चुनावी व्यवस्था को दुरुस्त करना बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक, निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता के बिना लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता। उन्होंने चुनावी व्यवस्था में सुधार को जरूरी बताया।
4. युवाओं को अपने भविष्य की चिंता
राहुल ने युवाओं में बढ़ती निराशा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि खासतौर पर मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले और औपचारिक शिक्षा हासिल करने वाले युवाओं के सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता है। उनके मुताबिक, युवाओं की परेशानी की सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्हें आगे बढ़ने का स्पष्ट रास्ता दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि इस स्थिति को समझने के लिए अध्ययन किया जा रहा है।
5. करियर को लेकर युवा और माता-पिता के बीच बढ़ रही दूरी
राहुल गांधी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी और उनके माता-पिता के बीच करियर को लेकर सोच का अंतर बढ़ रहा है। युवा अब पिछली पीढ़ी के अनुभवों और सलाह को उसी तरह स्वीकार नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं का मानना है कि उनके माता-पिता के समय में कामयाबी पाने के जो तरीके कारगर थे, जरूरी नहीं कि वे आज के दौर में भी काम आएं। बदलते समय और रोजगार के नए हालात ने दोनों पीढ़ियों के बीच सोच का फासला बढ़ा दिया है।
अमेरिका दौरे पर हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी दो दिन के अमेरिका दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के साथ बातचीत की। इस दौरान छात्रों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी के यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो जाने का कार्यक्रम है।इस बातचीत में उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा, युवाओं की चुनौतियों और चुनावी व्यवस्था जैसे मुद्दों पर अपनी राय रखी।

