Samachar Nama
×

राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' अभियान को सफल बनाने के लिए कांग्रेस नेताओं से मांगा सहयोग

राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' अभियान को सफल बनाने के लिए कांग्रेस नेताओं से मांगा सहयोग
राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' अभियान को सफल बनाने के लिए कांग्रेस नेताओं से मांगा सहयोग

नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पार्टी के महासचिवों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्षों, विभाग प्रमुखों, जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र लिखा है। उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) द्वारा चलाए जा रहे 'छात्रों की गूंज' अभियान को सफल बनाने के लिए कांग्रेस संगठन के सभी स्तरों के नेताओं और पदाधिकारियों से सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।

राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि भारत का युवा वर्ग इस समय अभूतपूर्व संकट से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की लगातार घटनाएं, परीक्षाओं का रद्द होना, बार-बार पुनर्परीक्षाएं, सरकारी भर्तियों में लंबी देरी, बड़ी संख्या में रिक्त पद और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। इसके साथ ही शिक्षा की लगातार बढ़ती लागत ने विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में कोटा में आयोजित 'छात्रों की गूंज' रैली के दौरान उन्होंने देश की शिक्षा व्यवस्था पर व्यापक चर्चा की शुरुआत की थी। राहुल गांधी के अनुसार, वर्तमान शिक्षा प्रणाली युवाओं को अवसर देने के बजाय उन पर अत्यधिक मानसिक और आर्थिक दबाव डाल रही है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था कई परिवारों को कर्ज, तनाव और अनिश्चितता के ऐसे चक्र में धकेल रही है, जिससे निकलना कठिन होता जा रहा है।

पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य युवाओं को अपनी पसंद का करियर चुनने, कौशल विकसित करने और सुरक्षित भविष्य बनाने में मदद करना होना चाहिए, लेकिन मौजूदा हालात इसके विपरीत दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्रों और युवाओं के सामने मौजूद चुनौतियों और उनके साथ हो रहे कथित उत्पीड़न और शोषण को प्रभावी ढंग से सामने लाने के लिए व्यापक जनजागरण की आवश्यकता है।

उन्होंने कांग्रेस संगठन से आह्वान किया कि वह भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के इस अभियान को पूरी ताकत के साथ समर्थन दे। राहुल गांधी ने कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं ताकि युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया जा सके।

अपने पत्र के अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य ऐसी नई व्यवस्था की नींव रखना है, जिसमें देश के युवाओं को बेहतर अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और आवश्यक सहयोग मिल सके।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags