'राहुल गांधी ने बोला झूठ, देश को गुमराह करने की कोशिश', नेता प्रतिपक्ष के दावों पर भाजपा का पलटवार
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद किए गए दावों को गलत ठहराया है। भाजपा नेताओं ने कहा है कि वे (राहुल गांधी) राष्ट्रपति को गलत तरीके से कोट कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपना बयान में कहा कि जब विपक्ष के नेताओं ने राष्ट्रपति को 'वोट चोरी' के बारे में जानकारी दी तो उन्होंने इसे मानने से इनकार नहीं किया। उन्होंने ये नहीं कहा कि हिंदुस्तान में चुनाव चोरी नहीं हो रहे हैं।
राहुल गांधी के दावों पर शनिवार को भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा, "राहुल गांधी बेतुकी बातें करते हैं और उन्हें यह भी नहीं पता होता कि वे क्या कह रहे हैं। ऐसा लगता है कि राहुल गांधी ने लोगों को धोखा देना ही अपना पेशा बना लिया है।"
उन्होंने कहा कि हमेशा की तरह राहुल गांधी राजनीतिक रूप से हाशिए पर ही रहेंगे, ठीक वैसे ही जैसे उन्हें हाल के उपचुनावों में झटका लगा था।
जायसवाल ने कहा, "बिहार विधानसभा चुनाव पिछले साल नवंबर में हुए थे। क्या एक साल में एक भी व्यक्ति सामने आया है, जिसने कहा हो कि उसके साथ अन्याय हुआ है? कोई समस्या नहीं हुई, फिर भी जानबूझकर एसआईआर को मुद्दा बनाया जा रहा है। झूठ बोलने और मनगढ़ंत कहानियां बनाने का कोई फायदा नहीं है, क्योंकि आखिरकार झूठ का पर्दाफाश हो ही जाता है।
बिहार सरकार में मंत्री प्रमोद कुमार ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "राहुल गांधी विदेश जाते हैं तो किससे मिलते हैं, क्या बात होती है ये देश की जनता जानना चाहती है। विदेशी षड्यंत्रकारी और हमारे देश के जो कुछ तथाकथित नेता हैं, खास करके जो वामपंथी नेता हैं, ये कभी भी भारत को स्थिर देखना नहीं चाहते हैं। ये भारत को प्रगति के रास्ते पर नहीं देखना चाहते हैं। ये हमेशा भारतीय साहित्य के विरोधी हैं। भारतीय संस्कृति सभ्यता के विरोधी हैं। ये लोग भारत के विरोधी हैं, जब-जब इस तरह के संकट आता है तो ये लोग चीन का साथ देते हैं, इसलिए इन लोगों की पूरी जांच होनी चाहिए।"
मंत्री प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया कि चुनाव में जनता विरोधी नेताओं को हरा चुकी है, लेकिन विपक्ष के लोग हिंसा के बल पर सत्ता हथियाना चाहते हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि विपक्ष भले यह कोशिश कर रहा है, लेकिन आज के समय में यह संभव नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राहुल गांधी पर कहा, "वे (नेता प्रतिपक्ष) सुप्रीम कोर्ट को गलत तरीके से कोट करने के बाद माफी मांग चुके हैं। अब राष्ट्रपति को भी अपनी घटिया राजनीति के लिए उन्होंने नहीं छोड़ा है। सुप्रीम कोर्ट का हवाला देकर उन्होंने पहले बोला था कि 'चौकीदार चोर है'। जब सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई तो राहुल गांधी ने माफी मांगी। इसके बाद चीन को लेकर किए गए दावे पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद वे अपने बयान से मुकरे थे। अब कह रहे हैं कि राष्ट्रपति ने हामी भरी है कि 'वोट चोरी' हुई है। यह बिल्कुल गलत बयानबाजी है।"
शाहदेव ने कहा कि राष्ट्रपति ने इस संबंध में कोई औपचारिक विज्ञप्ति जारी नहीं की है। वे (राहुल गांधी) राष्ट्रपति को गलत तरीके से कोट कर रहे हैं।
--आईएएनएस
डीसीएच/

