‘राहुल गांधी मर्यादा न लांघें’ आपत्तिजनक टिप्पणी पर बोले सीएम विष्णु देव साय
रायपुर, 21 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें मर्यादा की सीमा नहीं लांघनी चाहिए।
पीएम मोदी और अमित शाह के खिलाफ उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी पर सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए। आलोचना करना ठीक है, लेकिन इस स्तर की टिप्पणी करना ठीक नहीं है। उनका दिमाग ठीक नहीं है। ओछी बात करते हैं, जो दिमाग का दिवालियापन प्रमाणित करता है।
दूसरी ओर, सुशासन तिहार अभियान के तहत सीएम लगातार दौरे कर रहे हैं।
सीएम सूरजपुर जिले के ग्राम रामपुर में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृति पत्र, सहायता सामग्री एवं आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसी परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने घर की स्वीकृति मिलती है, बुजुर्गों को पेंशन का संबल मिलता है, किसान को किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि उपकरण मिलते हैं, या किसी बहन के स्व-सहायता समूह को आत्मनिर्भरता की नई ताकत मिलती है- तब केवल योजनाओं का लाभ नहीं मिलता, बल्कि जीवन में नई उम्मीद, नया आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य का विश्वास जन्म लेता है। हमारी सरकार का संकल्प है कि शासन की हर सुविधा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर परिवार के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि का नया अध्याय जुड़े।
उन्होंने कहा कि अब दूरियां बच्चों के सपनों की राह नहीं रोकेंगी, गांव-गांव तकनीक के संग शिक्षा की नई रोशनी पहुंचेगी।
उन्होंने कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के अंतर्गत ग्राम कुशहा में नीति आयोग द्वारा संचालित ‘मिशन कामयाबी’ के अंतर्गत ‘कामयाबी वीआर वेन’ को हरी झंडी दिखाई। यह पहल दूरस्थ एवं नेटवर्क विहीन क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक आधुनिक डिजिटल शिक्षा पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वर्चुअल रियलिटी (वीआर) और ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अब हमारे बच्चे किताबों से आगे बढ़कर रोचक और तकनीक आधारित शिक्षा से जुड़ सकेंगे। हमारा संकल्प है कि गांव का कोई भी बच्चा अवसरों और आधुनिक शिक्षा से वंचित न रहे। तकनीक के माध्यम से शिक्षा की नई रोशनी अब दूरस्थ अंचलों के सपनों को नई उड़ान देगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

