Samachar Nama
×

राहुल गांधी ने लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’ प्लेटफॉर्म, वीडियो में जाने अन्याय के खिलाफ लड़ रहे लोगों से मांगी उनकी कहानी

राहुल गांधी ने लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’ प्लेटफॉर्म, वीडियो में जाने अन्याय के खिलाफ लड़ रहे लोगों से मांगी उनकी कहानी

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशभर में अपने अधिकारों और विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को एक मंच पर लाने के लिए ‘सत्याग्रह’ नाम से डिजिटल पहल शुरू की है। शनिवार को लॉन्च किए गए इस प्लेटफॉर्म के जरिए लोग अपने संघर्ष और शिकायतों की जानकारी साझा कर सकेंगे। राहुल गांधी ने लोगों से अपील की है कि अगर वे किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो अपनी कहानी ‘सत्याग्रह’ के माध्यम से साझा करें।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पहल की जानकारी देते हुए कहा कि देशभर में लोग अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और कई बार उन्हें अकेले ही संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने जेन जी, छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं सहित अलग-अलग वर्गों के आंदोलनों का जिक्र किया। राहुल ने कहा कि हर संघर्ष की अपनी कहानी है, लेकिन अकेली उठने वाली आवाज अक्सर दब जाती है। ‘सत्याग्रह’ का उद्देश्य इन आवाजों को एक साथ लाना है।

इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोग अपने मुद्दे और संघर्ष की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे समान आंदोलनों को एक इंटरैक्टिव मैप पर देखा जा सकेगा। प्लेफॉर्म का उद्देश्य विभिन्न मुद्दों पर संघर्ष कर रहे लोगों और समूहों के बीच संपर्क और समर्थन को बढ़ाना है।राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के सत्याग्रह के विचार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बापू ने सिखाया था कि सच सबसे बड़ा हथियार है और सच के साथ एकजुट होकर खड़ा होना उससे भी बड़ी ताकत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर वे किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो अपनी कहानी साझा करें।

राहुल गांधी की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विपक्षी दलों और विभिन्न संगठनों का विरोध जारी है। विपक्षी दल SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वहीं चुनाव आयोग ने अपनी प्रक्रियाओं का बचाव किया है और मतदाता सूची से जुड़े सॉफ्टवेयर की समीक्षा के लिए समिति गठित करने की जानकारी दी है।2 अक्टूबर को दिल्ली में भी SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान कई विपक्षी नेताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई। राहुल गांधी ने इन प्रदर्शनों के समर्थन में सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी और प्रदर्शनकारियों के अधिकारों की बात कही थी।

SIR को लेकर मामला अब न्यायिक स्तर पर भी पहुंच चुका है। सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और देशभर में SIR को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति दी है। याचिका में चुनाव आयोग की निर्णय प्रक्रिया और SIR की वैधता पर सवाल उठाए गए हैं।ऐसे राजनीतिक माहौल के बीच ‘सत्याग्रह’ पहल के जरिए राहुल गांधी ने देशभर के अलग-अलग आंदोलनों और नागरिक मुद्दों को एक डिजिटल मंच पर जोड़ने की कोशिश की है। अब लोगों द्वारा साझा की जाने वाली कहानियों के जरिए इस प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग क्षेत्रों और मुद्दों से जुड़े संघर्षों की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Share this story

Tags