राहुल गांधी को बिरसा मुंडा के योगदान की जानकारी नहीं : विश्वास सारंग
भोपाल, 16 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और आदिवासी समाज के योगदान को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और नेहरू परिवार केवल अपने परिवार का महिमामंडन करना चाहते हैं जबकि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों को उचित सम्मान नहीं देते। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से दूरी बनाने के कांग्रेस के फैसले को आदिवासी समाज का अपमान बताया और कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने देश और समाज के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। उन्होंने आदिवासी समुदाय को जागरूक करने और देश की आजादी के लिए संघर्ष करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बावजूद राहुल गांधी को उनके योगदान की जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक तरफ आदिवासियों के हितों की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ उनके महान नायकों का सम्मान करने से पीछे हटती है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन यात्रा' पर भी विश्वास सारंग ने निशाना साधा। उन्होंने इस यात्रा को सनातन धर्म विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह लगातार ऐसे बयान देते हैं, जिनसे हिंदू धर्म की छवि को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म को मानने वालों के हित में काम करना नहीं बल्कि अपने बेटे को राजनीतिक रूप से स्थापित करना और हिंदू धर्म को बदनाम करना है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश की आधी आबादी यानी महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे महिला आरक्षण बिल के रास्ते में बाधाएं खड़ी कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की ऐसी कोशिशें अब सफल नहीं होंगी।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से कांग्रेस के दूरी बनाने के फैसले की आलोचना की। उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा पूरे देश के लिए सम्माननीय हैं। उन्होंने आजादी की लड़ाई में वीरतापूर्वक संघर्ष किया, व्यक्तिगत कष्ट सहे और आदिवासी समाज को जागरूक करने का काम किया। उनकी जयंती से दूरी बनाकर कांग्रेस ने आदिवासी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

