Samachar Nama
×

राहुल गांधी की राजनीति नकारात्मकता और अराजकता पर आधारित: प्रदीप भंडारी

राहुल गांधी की राजनीति नकारात्मकता और अराजकता पर आधारित: प्रदीप भंडारी
राहुल गांधी की राजनीति नकारात्मकता और अराजकता पर आधारित: प्रदीप भंडारी

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास और गरीबी उन्मूलन के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने 46 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। यह आंकड़ा विश्व बैंक की रिपोर्ट में सामने आया है और रिपोर्ट में अत्यधिक गरीबी में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

प्रदीप भंडारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि विश्व बैंक की रिपोर्ट केवल गरीबी रेखा से बाहर आए लोगों के आंकड़े तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें देश में अत्यधिक गरीबी में आई भारी गिरावट का भी उल्लेख है। 21वीं सदी में दुनिया के किसी भी देश में इस तरह की गिरावट देखने को नहीं मिली है। उन्होंने इसे भारत की आर्थिक प्रगति और समावेशी विकास का संकेत बताया। भंडारी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर यह सहमति बन रही है कि भारत न केवल सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, बल्कि यहां समावेशी विकास भी हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है और विकास का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार जनता का समर्थन इसलिए हासिल करते हैं, क्योंकि उनकी नीतियों से लोगों के जीवन में बदलाव आ रहा है। जब गरीब व्यक्ति गरीबी रेखा से बाहर आता है और उसकी जिंदगी में बेहतरी होती है, तो वह सरकार के काम को महसूस करता है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री मोदी को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। देश की जनता ने वर्ष 2014, 2019 और 2024 में विकास की राजनीति को चुना है। इन चुनावों में लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के विकासोन्मुखी दृष्टिकोण पर भरोसा जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्ष 2029 में भी जनता विकास के इसी दृष्टिकोण को चुनेगी।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद देश में गरीबी कम होने और गरीबों के जीवन में आए बदलाव को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति को नकारात्मकता और अराजकता से जोड़ते हुए कहा कि वह धरने-प्रदर्शन की राजनीति करते हैं। भारत की जनता विकास चाहती है और उसने पहले भी विकास के एजेंडे को प्राथमिकता दी है। देश ने धरने की राजनीति को खारिज किया है और आगे भी राहुल गांधी की कथित अराजक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगा।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story