Samachar Nama
×

चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की चर्चा पर अशोक गहलोत बोले- अभी चुनाव दूर, हाईकमान का फैसला होगा मंजूर

चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की चर्चा पर अशोक गहलोत बोले- अभी चुनाव दूर, हाईकमान का फैसला होगा मंजूर
चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की चर्चा पर अशोक गहलोत बोले- अभी चुनाव दूर, हाईकमान का फैसला होगा मंजूर

जयपुर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की चर्चाओं पर कहा कि अभी चुनाव में दो साल बाकी हैं और यह फैसला हाईकमान का है। वहीं, दावा किया कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी द्वारा देश में जनता के लिए लगातार संघर्षों के कारण ही राजस्थान पंचायत चुनाव में प्रचंड जीत मिली है।

अशोक गहलोत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अभी चुनाव में दो साल बाकी हैं और ये काम हाईकमान का है। ये हमारा फैसला नहीं है कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा, कौन नहीं बनेगा। कांग्रेस के इतिहास में चुनाव से पहले राज्य स्तर पर कभी ऐसे फैसले नहीं लिए गए हैं। हमेशा चुनाव के बाद फैसला होता है।

चुनाव के बाद हाईकमान पर्यवेक्षक तय करके भेजता है। पर्यवेक्षक जनता और जनप्रतिनिधियों की राय पर मुख्यमंत्री का चयन करते हैं। पार्टी के निर्णय को सर्वोपरि रखकर फैसला होता है और उसमें किसी को कोई एतराज नहीं होना चाहिए। अगर मेरे पक्ष में फैसला नहीं हो, तो मुझे भी कोई एतराज नहीं होना चाहिए, ऐसी भावना सबकी होनी चाहिए। जो भी फैसला हाईकमान करे, वो हम सबको मंजूर होना चाहिए।

अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान पंचायत चुनावों में कांग्रेस की जीत के दो मुख्य कारण हैं। पहला, राष्ट्रीय राजनीतिक हालात, जिसमें मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने एक रुख अपनाया है और वे संसद के अंदर और बाहर लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने वोट की चोरी, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाए हैं। एक निरंतर संघर्ष चल रहा है। रामलीला मैदान में 'इंडिया' की एक रैली हुई, उससे पहले सांसदों ने मार्च निकाला। खुद राहुल गांधी की गिरफ्तारी की कोशिशें हुईं। इससे पूरे देश में एक खास माहौल बना है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा कि राजस्थान की जीत गांवों की जीत है। यह जीत सिर्फ राजस्थान के गांवों तक सीमित नहीं है। इसका संदेश देश भर के गांवों तक पहुंचा है। लोगों ने इस संदेश को महसूस किया है और हमें इसका फायदा मिला है।

उन्होंने कहा कि हमने शुरू से ही कहा था कि राजस्थान में कांग्रेस एकजुट है और आगे भी रहेगी। पीसीसी अध्यक्ष ने सभी से मुलाकात की, बातचीत की, पार्टी को संगठित किया, पर्यवेक्षक नियुक्त किए और लगातार निगरानी रखी। नतीजतन, जनता तक यह संदेश पहुंचा कि यह सरकार बिना कोई वास्तविक काम किए सिर्फ झूठे वादे कर रही है, भ्रष्टाचार बढ़ गया है और लोगों की शिकायतों को सुना नहीं जा रहा है। यहां तक कि भाजपा के नेता भी कहने लगे कि उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और उनके अपने काम भी पूरे नहीं हो रहे हैं। इसका फायदा कांग्रेस को मिला।

--आईएएनएस

ओपी/एएस

Share this story