Samachar Nama
×

राहुल गांधी के बयान पर भड़के एनडीए नेता, राम कदम बोले- देश को बदनाम करना, राष्ट्रद्रोह से कम नहीं

राहुल गांधी के बयान पर भड़के एनडीए नेता, राम कदम बोले- देश को बदनाम करना, राष्ट्रद्रोह से कम नहीं
राहुल गांधी के बयान पर भड़के एनडीए नेता, राम कदम बोले- देश को बदनाम करना, राष्ट्रद्रोह से कम नहीं

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा विदेश में भारत को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा और जदयू नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी के बयान, जिसमें उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को बीमार बताया था, को लेकर एनडीए नेताओं का कहना है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को विदेशी धरती पर देश को बदनाम करने से बचना चाहिए।

मुंबई में भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि अमेरिका की धरती पर खड़े होकर राहुल गांधी 140 करोड़ देशवासियों के लोकतंत्र को आरोपी की तरह कटघरे में खड़े कर रहे हैं। यह देश की प्रतिष्ठा को बदनाम करने जैसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक हार के बाद बार-बार देश की प्रतिष्ठा को बदनाम करना शुरू कर देते हैं।

राम कदम ने स्वामी विवेकानंद का जिक्र करते हुए कहा कि इसी अमेरिका की धरती से 133 साल पहले स्वामी विवेकानंद ने ऐतिहासिक संबोधन दिया था, जिससे देश का मस्तक गर्व से ऊंचा हो गया था। दुर्भाग्य है कि उसी भूमि से राहुल गांधी इस मिट्टी को बदनाम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस मिट्टी के लिए शहीदों ने अपना खून बहाया है। भगत सिंह हंसते-हंसते फांसी पर झूल गए, चंद्रशेखर आजाद ने अंग्रेजों के हाथों गिरफ्तार होने के बजाय आखिरी गोली खुद को मारना पसंद किया। राम प्रसाद बिस्मिल, सुभाष चंद्र बोस, अशफाकउल्ला खान जैसे अनेक वीरों ने देश की मिट्टी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उसी देश की मिट्टी को विदेशी भूमि पर जाकर बदनाम करना और आरोपों के कटघरे में खड़ा करना, किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है।

राम कदम ने कहा कि अगर राहुल गांधी को कुछ कहना है तो उन्हें भारत की संसद में आकर बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि देश का नेता प्रतिपक्ष गंभीर और परिपक्व हो। वह सरकार की आलोचना करे, सरकार पर आरोप लगाए, भाजपा उसका जवाब देगी। लेकिन बार-बार देश पर आरोप लगाना कतई मंजूर नहीं है। यह राष्ट्रद्रोह से कम नहीं है।

वहीं, पटना में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी राहुल गांधी के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार विदेशों में जाकर भारत के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं, जो किसी भी लिहाज से सही नहीं है।

सरावगी ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और उनके बयानों में जिम्मेदारी झलकनी चाहिए। लेकिन जिस तरह से वह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को विदेशी मंचों पर कटघरे में खड़ा कर रहे हैं और भारत को बदनाम कर रहे हैं, उसे देश के लोग बर्दाश्त नहीं कर सकते। विदेशी मंचों पर जाकर भारत को नीचा दिखाने वाले बयान से स्पष्ट होता है कि राहुल गांधी में भारत के प्रति कितनी प्रतिबद्धता और प्रेम है।

उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार व्यक्ति के मुंह से गैर-जिम्मेदाराना बयान, वह भी विदेशी मंच पर, किसी हालत में बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। इसी कारण कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो रहा है और आने वाले समय में जो बचा हुआ है, वह भी साफ हो जाएगा।

इसी मुद्दे पर जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी एक हास्य कलाकार के रूप में विख्यात होते जा रहे हैं। इससे बॉलीवुड के हास्य कलाकारों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है, क्योंकि जिस तरह से राहुल गांधी हास्य-रस में डूबते जा रहे हैं, वह बॉलीवुड के कलाकारों के लिए खतरा है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

Share this story