राहुल गांधी के लिए रिजिजू का संदेश, भाजपा को दुश्मन नहीं राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानें
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा।
रिजिजू ने 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एशिया रिबॉर्न बुक के लेखक पीके बासु ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से सवाल पूछते नजर आ रहे हैं कि "ऐसा क्यों हुआ कि सालों तक आपका परिवार भारत पर शासन करता रहा और उस समय भारत का प्रति व्यक्ति आय, दुनिया के एवरेज से कम रही।"
बाद में सवाल को दोहराते हुए उन्होंने पूछा, "जब देश आजाद हुआ, तब भारत का पर कैपिटल इनकम दुनिया में सबसे कम थी और जीवन प्रत्याशा 32 साल की थी, जो कि दुनिया में सबसे कम थी। अफ्रीका का उस समय 38 थी।"
बासु ने सवाल किया, "ऐसे में जब देश इन मामलों में सबसे पीछे था, तो इस गैप को कम करने के लिए दुनिया के औसत से तेजी से आगे बढ़ना चाहिए था। उस कालखंड में लंबे समय तक आपके परिवार के लोग ही शासन कर रहे थे।"
वीडियो शेयर करते हुए रिजिजू ने राहुल गांधी को सलाह भी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "एक बार फिर मैं बिना मांगे सलाह दे रहा हूं। अगर राहुल गांधी ये काम करें तो कांग्रेस के लोगों का कुछ भरोसा जीत सकती है।"
रिजिजू ने सात बिंदुओं में अपनी सलाह देते हुए कहा कि राहुल गांधी भारत में ज्यादा समय बिताएं और बार-बार चुपचाप विदेश यात्राओं पर जाने से बचें, वरिष्ठ लोगों का सम्मान करें और उनसे बहुमूल्य सीख लें, जैसा कि भारतीय परंपरा रही है। इसके अलावा भारत-विरोधी लोगों से न मिलें और उनके एजेंडे को बढ़ावा देना बंद करें। भाजपा, आरएसएस और मोदी के प्रति गहरी नफरत खत्म करें और भाजपा को अपना राजनीतिक विरोधी मानें, दुश्मन नहीं, संसद को ज्यादा गंभीरता से लें और सांसदों को बहसों और चर्चाओं में हिस्सा लेने दें, भारत के संविधान का सम्मान करें और संवैधानिक संस्थाओं का आदर करें तथा कांग्रेस पार्टी को एक लोकतांत्रिक दल के रूप में काम करने दें और परिवारवादी राजनीति को खत्म करें।
इसके अलावा उन्होंने अपने पुराने पोस्ट को कोट किया, जिसमें लिखा था, "क्या आपने कभी किसी को तब हंसते हुए देखा है, जब कोई विदेशी भारत का अपमान करता है? मैं यह नहीं पूछ रहा कि कौन सा भारतीय विदेश जाकर भारत का अपमान करता है।"
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी

