Samachar Nama
×

राहुल गांधी के 'गुमशुदा' पोस्टर पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- महंगाई, राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पोस्टर क्यों नहीं लगाती भाजपा

राहुल गांधी के 'गुमशुदा' पोस्टर पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- महंगाई, राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पोस्टर क्यों नहीं लगाती भाजपा
राहुल गांधी के 'गुमशुदा' पोस्टर पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- महंगाई, राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पोस्टर क्यों नहीं लगाती भाजपा

नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने राहुल गांधी के गुमशुदा के पोस्टर लगाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) बिल सहित अन्य मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा। वहीं, नितिन नवीन के बयान पर आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष वी. गुरुनाधम और राम मंदिर चंदा चोरी पर यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रतिक्रिया दी।

राहुल गांधी के लापता होने के पोस्टर लगाए जाने पर कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "ये (भाजपाई) लोग राहुल गांधी का नाम लेकर सोते और जगते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी पोस्टर लगना चाहिए, क्योंकि वह भी तो देश में नहीं हैं। राहुल गांधी के विदेश दौरों के बारे में सबको पता है। राहुल गांधी को कोई छिपा नहीं सकता है। पोस्टर लगाने वाला अपना पैसा बर्बाद कर रहा है, तो इसमें हमें क्या दिक्कत होगी? देश में महंगाई है, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए, राम मंदिर में चंदा चोरी हो गया और महाराष्ट्र में पेपर लीक होने का पोस्टर तो भाजपा के लोगों ने लगाया नहीं है। जब सदन चलेगा तो सबको राहुल गांधी दिखेंगे।"

पश्चिम बंगाल में यूसीसी बिल पेश किए जाने को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा, "जो भी बिल आए, उस पर पहले मंथन होना चाहिए। सदन के साथ जनता से भी इस बिल पर राय लेकर निर्णय लेना चाहिए। भाजपा सरकार जल्दबाजी में बिल तो ले आती है, लेकिन बाद में उसका जो हश्र होता है, वह सब देखते हैं। इस बिल पर जनता से राय लेनी चाहिए।

आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष वी. गुरुनाधम ने कहा, "बीजेपी के नए बने अध्यक्ष नितिन नवीन कांग्रेस पार्टी के खिलाफ बहुत ज़्यादा बोल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर बहुत गंभीर आरोप लगाए हैं, जिन्हें भाजपा कभी भी बिना किसी शक के साबित नहीं कर पाई है। भाजपा सरकार लगभग 12 साल से सत्ता में है। एक बार भी उन्होंने भ्रष्टाचार और दूसरे मुद्दों को लेकर सोनिया गांधी या कांग्रेस पार्टी के खिलाफ उंगली तक नहीं उठाई। लेकिन आप यह कैसे कह सकते हैं कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार का दूसरा नाम है? भाजपा का यह रवैया बहुत बुरा है।"

वहीं, राम मंदिर चंदे को लेकर चल रहे विवाद पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, "पूरे देश में गुस्सा है। अब बीजेपी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर 'चंदा चोर, वापस जाओ' जैसे नारे लगा रहे हैं। आने वाले दिनों में गांवों में उनके प्रवेश पर रोक लगाने वाले बैनर लग सकते हैं और लोग उनका सामाजिक बहिष्कार भी कर सकते हैं।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story

Tags