Samachar Nama
×

राहुल गांधी के बयान पर कांग्रेस का बचाव, कहा-टिप्पणी मेलोनी नहीं, पीएम मोदी के व्यवहार पर थी

राहुल गांधी के बयान पर कांग्रेस का बचाव, कहा-टिप्पणी मेलोनी नहीं, पीएम मोदी के व्यवहार पर थी
राहुल गांधी के बयान पर कांग्रेस का बचाव, कहा-टिप्पणी मेलोनी नहीं, पीएम मोदी के व्यवहार पर थी

नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विदेश यात्राओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तौर-तरीकों को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस नेताओं ने उनका बचाव किया है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी और सुखदेव भगत ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी की टिप्पणी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर नहीं थी, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों के दौरान उनके व्यवहार और हाव-भाव को लेकर थी। वहीं, कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रधानमंत्री के विदेश प्रतिनिधियों से मिलने के तौर-तरीकों पर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केवल यह सवाल उठाया कि क्या लोग ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसे समय और परिस्थितियों की ओर इशारा कर रहे थे, जब भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपेक्षित समर्थन नहीं मिला।

प्रमोद तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं के दौरान उनके व्यवहार और दूसरे नेताओं से मिलने के तरीके पर टिप्पणी कर रहे थे। इस टिप्पणी को किसी विदेशी नेता विशेष से जोड़कर देखना सही नहीं है।

प्रमोद तिवारी ने संसद में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की अनुपस्थिति को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि ‘जन गण मन’ या ‘वंदे मातरम’ के दौरान प्रधानमंत्री और गृह मंत्री मौजूद नहीं थे।

उन्होंने कहा कि किसी प्रधानमंत्री या गृह मंत्री ने लोकसभा और राज्यसभा का इस तरह अपमान नहीं किया। तिवारी ने संविधान के अनुच्छेद 75 का हवाला देते हुए कहा कि सरकार संसद के प्रति जवाबदेह है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मंत्रियों के बिल सूचीबद्ध थे और उनसे सवाल पूछे जाने थे, तब उनकी मौजूदगी जरूरी थी।

तिवारी ने कहा कि विपक्ष संविधान, संसद और ‘भारत माता’ के अपमान को चुपचाप नहीं देखेगा। उन्होंने छात्रों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सरकार से जवाब मांगने की बात कही। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज, पैलेट गन या गोली चलाने की स्थिति में विपक्ष जवाब मांगता रहेगा।

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने भी राहुल गांधी के बयान को लेकर सफाई दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के लिए टिप्पणी नहीं की थी। भगत के मुताबिक, राहुल गांधी प्रधानमंत्री के विदेश दौरों के दौरान उनके व्यवहार और जेस्चर की बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जो भी कहते हैं, उसे अक्सर गांधी परिवार या किसी खास नेता से जोड़ दिया जाता है, जबकि इस मामले में टिप्पणी का संदर्भ अलग था।

कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि पीएम मोदी जब किसी विदेशी प्रतिनिधि से मिलते हैं तो बिना किसी मतलब के गले मिलने लगते हैं। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री के पद और देश की गरिमा को ध्यान में रखते हुए विदेश प्रतिनिधियों से मुलाकात का तरीका भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान यह देखने को मिला कि कई देश भारत के साथ खड़े नहीं हुए और कुछ देश पाकिस्तान के समर्थन में नजर आए। उदित राज ने आरोप लगाया कि उस समय इस मुद्दे पर पर्याप्त सवाल नहीं उठाए गए।

उन्होंने राहुल गांधी के उस आरोप को भी दोहराया कि भाजपा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सही सलाह देने की हिम्मत किसी नेता या अधिकारी में नहीं है।

उदित राज ने कहा कि राहुल गांधी का कहना है कि प्रधानमंत्री के सामने सही और गलत बात रखने की जरूरत है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी

Share this story