राहुल गांधी जिन्ना की तरह फैला रहे अराजकता, विदेशी ताकतें कर रहीं मदद: मंगल प्रभात लोढ़ा
मुंबई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने चुनाव आयोग के खिलाफ राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन की आलोचना करते हुए उन पर देश में अराजकता फैलाने और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार संवैधानिक पद पर हैं और ऐसे पदों की सुरक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। वहीं, दीया मिर्जा से जुड़े विवाद और हाईकोर्ट के फैसले पर उन्होंने अदालत के निर्णय का सम्मान करने की बात कही, लेकिन दिवाली की परंपराओं और धार्मिक भावनाओं को भी महत्व देने की जरूरत बताई। साथ ही, एनसीपी के आंतरिक विवाद पर संजय राउत की टिप्पणियों से उन्होंने खुद को अलग रखा।
दीया मिर्जा विवाद में हाईकोर्ट के फैसले पर मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि वह अदालत के निर्णय का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था को, चाहे वह सरकार हो या कोई अन्य संगठन, हजारों वर्षों से चली आ रही परंपराओं और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखना चाहिए। लोढ़ा ने कहा कि किसी धर्म के लोगों की भावनाएं, परंपराएं और संस्कार किसी भी उत्सव से जुड़े होते हैं। इसलिए उन्हें अपने त्योहार और परंपराएं मनाने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट का फैसला मान्य है, लेकिन दिवाली और उससे जुड़ी परंपराओं को लेकर उनकी भावना भी स्पष्ट है।
चुनाव आयोग के खिलाफ राहुल गांधी के विरोध को लेकर लोढ़ा ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी वही कर रहे हैं, जो 1945-47 के दौरान जिन्ना ने किया था। देश में अराजकता फैलाने, संविधान को तोड़ने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। मंत्री ने देश के लोगों से ऐसी कथित साजिश को समय रहते समझने की अपील की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ विदेशी ताकतें राहुल गांधी की मदद कर रही हैं और ऐसी ताकतों को सामने लाया जाना चाहिए।
लोढ़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बचाव करते हुए कहा कि उनका अपराध केवल इतना है कि उन्होंने 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य सामने रखा है और उसे हासिल करने के लिए कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं, आयात कम हुआ है, निर्यात बढ़ा है और देश की आत्मनिर्भरता और विदेश नीति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय पासपोर्ट को अब दुनिया में सम्मान मिल रहा है।
मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि भाजपा ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर इसलिए प्रतिक्रिया देती है, क्योंकि वह एक संवैधानिक पद पर हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि संवैधानिक पदों और संस्थाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाने वाली ताकतों से ऐसे पदों की रक्षा करना जरूरी है।
एनसीपी के आंतरिक विवाद पर संजय राउत की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर लोढ़ा ने कहा कि उनकी पार्टी के प्रवक्ता इस पर उचित जवाब दे चुके हैं और आगे भी देंगे। उन्होंने कहा कि संजय राउत रोज बयान देते हैं और उनका जवाब भी दिया जाता है। वह इस विवाद में खुद नहीं पड़ना चाहते।
--आईएएनएस
पीएसके

