राहुल गांधी जब भी बोलते हैं, भारत को कटघरे में खड़ा करते हैं : ओपी राजभर
आजमगढ़, 25 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के एआई समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर बवाल जारी है। इस बीच भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राष्ट्रद्रोही कहा। इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने बुधवार को अपनी प्रतिक्रिया दी।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह अनुराग ठाकुर की राय है। लेकिन इतना जरूर है कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं या जब भी बोलते हैं, तो भारत को कटघरे में खड़ा करते हैं। दुनिया के सामने भारत की बेइज्जती करते हैं।"
ओपी राजभर ने कहा, "राहुल गांधी चुनाव आयोग की आलोचना करते हैं और उसे गलत बताते हैं, जबकि चुनाव आयोग की ही बदौलत वह सांसद हैं। ऐसे में अगर वे आयोग की गलती की वजह से चुनाव जीते हैं, तो पहले इस्तीफा दे दें और उसके बाद मैदान में आएं। एक तरफ वे सांसद भी रहेंगे और दूसरी तरफ आरोप भी लगा रहे हैं। राहुल गांधी हमेशा भारत को दुनिया के सामने कटघरे में खड़ा करते रहते हैं और हमेशा भारत को बदनाम करने में लगे रहते हैं।"
राजभर ने समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को गलत ठहराने की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अवधेश प्रसाद को सद्बुद्धि आई कि कम से कम वह सही बात कह रहे हैं। प्रदर्शन करने का अपना-अपना तरीका है। जहां पर एआई का सम्मेलन हो रहा हो और दुनिया के तमाम देशों के लोग आए हों, वहां पर आप निर्वस्त्र होकर प्रदर्शन कर रहे हैं और तोड़फोड़ कर रहे हैं, तो यह निंदनीय है।
दिल्ली में लश्कर-ए-तैयबा के बांग्लादेश माड्यूल मामले में आरोपियों को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है, जिसको लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आतंकवाद के नाम पर निर्दोष लोगों को फंसाए जाने की बात कही है। ओपी राजभर ने मसूद के बयान की निंदा की और कहा कि अगर ऐसा है, तो मसूद जेल के अंदर क्यों नहीं हैं?
उन्होंने कहा, "मसूद झूठ बोल रहे हैं, वे सच को स्वीकार करने वाले लोग नहीं हैं। वे सिर्फ वोट की राजनीति की बात करते हैं। प्रयागराज और कुशीनगर में मदरसे के अंदर नोट छापे जा रहे थे। अब क्या ऐसे प्रकरण की जांच नहीं होगी? जांच को आप गलत बताओगे। जब सभी सामान और उपकरण पकड़े जा रहे हैं, तो आप कह रहे हैं कि यह गलत है। वे सिर्फ वोट की राजनीति को लेकर ऐसा बयान दे रहे हैं, जबकि उन्हें सच्चाई को स्वीकारना चाहिए।"
--आईएएनएस
एससीएच/एमएस

