Samachar Nama
×

कांग्रेस के अतीत और नाकामियों का हिसाब दें राहुल गांधी: हेमंत खंडेलवाल

कांग्रेस के अतीत और नाकामियों का हिसाब दें राहुल गांधी: हेमंत खंडेलवाल
कांग्रेस के अतीत और नाकामियों का हिसाब दें राहुल गांधी: हेमंत खंडेलवाल

भोपाल, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर कहा है कि राहुल गांधी को कांग्रेस के लंबे शासनकाल का हिसाब भी देना चाहिए।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बालाघाट कुपोषण और अन्य बीमारियों के चलते हुई आदिवासी बच्चों की मौत के मामले में आए थे, उन्होंने यहां पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और राज्य सरकार पर गंभीर आरोपों लगाए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, कांग्रेस आदिवासी क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर सवाल उठा रही है, लेकिन उसे यह भी बताना चाहिए कि लंबे समय तक देश और प्रदेश की सत्ता में रहने के बावजूद उसने आदिवासी अंचलों के विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्या ठोस प्रयास किए। कांग्रेस वर्षों तक सत्ता में रही, फिर भी आदिवासी अंचलों की अनेक मूलभूत समस्याएं क्यों बनी रहीं, राहुल गांधी को इसका जवाब देना चाहिए।

खंडेलवाल कहा कि बालाघाट की जनता कांग्रेस के उस दौर को भी नहीं भूली है, जब यह क्षेत्र नक्सलवाद की गंभीर चुनौती से जूझ रहा था। कांग्रेस शासनकाल में तत्कालीन मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता लिखीराम कांवरे की नक्सलियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। क्या राहुल गांधी कभी लिखीराम कांवरे के परिवार के साथ बैठे? क्या उन्होंने उनके परिवार की पीड़ा को समझने का प्रयास किया?

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस आज भाजपा सरकार से सवाल कर रही है, लेकिन जनता यह भी पूछ रही है कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद की चुनौती क्यों बनी रही, आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का अपेक्षित विस्तार क्यों नहीं हुआ और वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस इन समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं कर सकी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल सवाल पूछकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। जनता अब कांग्रेस से पूछ रही है कि अपने शासनकाल में क्या किया, आपकी नीतियों का परिणाम क्या रहा और जिन समस्याओं को लेकर आज आप राजनीति कर रहे हैं, उन्हें दूर करने के लिए सत्ता में रहते हुए आपने क्या कदम उठाए?

खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रयासों से बालाघाट सहित प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों को भी गति दी गई है। दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे के विस्तार पर सरकार लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का दृष्टिकोण स्पष्ट है कि नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ उन क्षेत्रों में विकास को भी प्राथमिकता दी जाए, जहां लंबे समय तक विकास की गति प्रभावित रही। सुरक्षा और विकास के दोहरे प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव का वातावरण तैयार हुआ है।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएसएच

Share this story