Samachar Nama
×

चेन्नई में वोट चोरी की झूठी अफवाह फैला रहे राहुल गांधी: संजय निरुपम

चेन्नई में वोट चोरी की झूठी अफवाह फैला रहे राहुल गांधी: संजय निरुपम
चेन्नई में वोट चोरी की झूठी अफवाह फैला रहे राहुल गांधी: संजय निरुपम

मुंबई, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों और सीजेपी के दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।

राहुल गांधी के चेन्नई दौरे पर टिप्पणी करते हुए संजय निरुपम ने कहा, "राहुल गांधी शनिवार को चेन्नई में थे और वहां भी वोट चोरी की अपनी झूठी कहानी फैला रहे थे। उन्होंने वहां एसआईआर के खिलाफ बहुत जहर उगला, लेकिन वे यह बताना भूल गए, या जानबूझकर तमिलनाडु के युवाओं से यह बात छिपाई कि तमिलनाडु में मौजूदा सरकार, जिसमें उनकी अपनी पार्टी भी शामिल है, एसआईआर के बाद बनी थी। इसका मतलब है कि वहां एसआईआर प्रक्रिया पूरी ईमानदारी और कानूनी तरीके से लागू की गई थी, जिसके बाद वोटरों ने वोट डाले। उस चुनाव में भाजपा को कोई वोट नहीं मिला, सत्ताधारी डीएमके पार्टी को जनता ने हरा दिया, और फिल्म अभिनेता विजय से जुड़ी एक नई पार्टी सामने आई, जिसके साथ कांग्रेस पार्टी सत्ता में हिस्सेदारी के लिए जुड़ गई।"

दिल्ली में सीजेपी द्वारा जंतर-मंतर पर बुलाए गए विरोध प्रदर्शन पर बोलते हुए निरुपम ने कहा, "दिल्ली पुलिस की मनाही के बावजूद, सीजेपी ने शनिवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने उनके शीर्ष तीन नेताओं को उनकी फ्लाइट से ही गिरफ्तार कर लिया था और उनके समर्थकों को भी जंतर-मंतर पहुंचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन जिस तरह से सीजेपी के नेता बड़े पैमाने पर भारत के युवाओं को उकसा रहे हैं, उनकी भावनाओं को भड़का रहे हैं और दिल्ली में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, वह निश्चित रूप से आपत्तिजनक है। हर व्यक्ति को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है और हर व्यक्ति को सरकार से असहमत होने का पूरा अधिकार है, यह जरूरी नहीं है कि हर कोई सरकार के सभी फैसलों से सहमत हो।"

शारदीय नवरात्रि के अवसर पर संजय निरुपम ने सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो गई है। मैं सभी देवीभक्तों को शुभकामनाएं देता हूं और उनके लिए माता के चरणों को प्रणाम करता हूं कि उनपर माता रानी की कृपा बनी रहे। मुंबई में नवरात्रि पर अलग-अलग मंडप सजाए जाते हैं। डांडिया होता है। गरबा का आयोजन होता है, जिसकी एक हिंदू परंपरा है। हम सदियों से भक्ति में डूबकर देवी के भजन करते हैं। धीरे-धीरे यह मनोरंजन का रूप धारण करने लगा। हमारी माताएं-बहनें भक्ति भाव से इस कार्यक्रम में शामिल होती हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "अगर कोई गैर हिंदू इसमें हिस्सा लेना चाहता है और वो भक्ति भाव से आता है तो उसका हमें स्वागत करना है, लेकिन अगर उसकी नियत खराब है, और बिना श्रद्धा के आता है तो ऐसे लोगों पर नजर रखनी चाहिए और उनपर कार्रवाई करनी चाहिए। उनका शिनाख्त भी किया जाना चाहिए, ताकि हमारे हिंदू त्योहारों की पवित्रता बनी रहे और हमारी बहनें और बेटियां सुरक्षित रहें।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story