राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, वीडियो में बोले- नोटबंदी और जीएसटी ने छोटे व्यापारियों को बर्बाद किया; मोनोपॉली से नहीं पैदा होती नौकरियां
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर निशाना साधा। राहुल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी और जीएसटी ने छोटे व्यापारियों को बर्बाद कर दिया। वहीं, बड़ी कंपनियों के लिए भी निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का माहौल खत्म कर दिया गया है।राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि नोटबंदी और जीएसटी के कारण छोटे व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। जो बड़ी कंपनियां ईमानदारी से प्रतिस्पर्धा करती थीं, उनके लिए भी सरकार ने मैदान खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि एकाधिकार यानी मोनोपॉली से नौकरियां पैदा नहीं होतीं, बल्कि इससे कीमतें बढ़ती हैं और बाजार में प्रतिस्पर्धा खत्म हो जाती है।
पीएम मोदी के बयान पर राहुल ने उठाए सवाल
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों और कर व्यवस्था में किए गए बदलावों का जिक्र किया था।प्रधानमंत्री ने कहा था कि सरकार ने कॉर्पोरेट कर की दर 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत कर दी है। इसके साथ ही 12 लाख रुपए तक की सालाना आय को कर मुक्त करने का फैसला लिया गया है।राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के इसी बयान को आधार बनाकर कंपनियों और कर्मचारियों से जुड़े सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब सरकार ने कंपनियों पर कर का बोझ कम किया, तो क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या कर्मचारियों की संख्या में इजाफा हुआ? राहुल ने कहा कि कर में राहत मिलने के बावजूद आम कर्मचारियों को इसका कितना फायदा मिला, यह सवाल महत्वपूर्ण है।
अडाणी-अंबानी का नाम लिए बिना साधा निशाना
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, 'मोदी जी, लूट तो आपने और आपके दोस्तों ने की है। देश ने इसे देखा है और आज भी देख रहा है। तारीफ नहीं मिली तो बुरा मान गए?'उन्होंने प्रधानमंत्री के एक बयान का जिक्र करते हुए लिखा कि आप कहते हैं कि वे इतने भूखे हैं कि अपना पेट भी नहीं भर सकते। राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि पूरा देश जानता है कि यह भूख किसकी है।कांग्रेस नेता ने आगे आरोप लगाया कि हवाई अड्डे, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र कुछ चुनिंदा लोगों को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि इन क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनियों ने कितनी नौकरियां पैदा कीं।
रोजगार और प्रतिस्पर्धा को लेकर सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाजार में एकाधिकार बढ़ने से छोटे कारोबारियों और आम कंपनियों के लिए अवसर कम होते हैं। उनका तर्क है कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से ही कारोबार का विस्तार होता है और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं।इस तरह राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के आर्थिक विकास और कर राहत से जुड़े दावों के जवाब में रोजगार, कर्मचारियों की आय, छोटे कारोबारियों की स्थिति और बाजार में प्रतिस्पर्धा का मुद्दा उठाया। कांग्रेस और केंद्र सरकार के बीच आर्थिक नीतियों को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।

