Samachar Nama
×

राहुल गांधी अब अखिलेश से 'बीस', कांग्रेस यूपी में 200 सीट और ज्यादा दबंगई से मांगेगी : ओम प्रकाश राजभर

राहुल गांधी अब अखिलेश से 'बीस', कांग्रेस यूपी में 200 सीट और ज्यादा दबंगई से मांगेगी : ओम प्रकाश राजभर
राहुल गांधी अब अखिलेश से 'बीस', कांग्रेस यूपी में 200 सीट और ज्यादा दबंगई से मांगेगी : ओम प्रकाश राजभर

लखनऊ, 27 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का प्रभाव सपा पर बढ़ रहा है और भविष्य में वह विधानसभा चुनाव में 200 सीटों की मांग अधिक मजबूती से कर सकती है।

राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लेना चाहिए कि राहुल गांधी उनके "ब्लॉक के बड़े भैया" हैं।

योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री राजभर ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "अखिलेश यादव, हफ्ते भर से आप और आपके बॉस संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे हैं। यह अच्छी बात नहीं है। सुझाव है कि आज अपने सांसदों से तो कहिए ही कि सदन चलने दें, अपने बॉस राहुल जी से भी थोड़ा रिक्वेस्ट कर लीजिएगा।"

उन्होंने आगे लिखा, "वैसे भी आजकल आपके बॉस राहुल जी बार-बार दिखा रहे हैं कि बॉस आखिर बॉस ही होता है। पिछले हफ्ते ही देखिए कि कैसे राहुल जी अचानक सड़क पर आ गए और आप बस ताकते रह गए।"

राजभर ने दावा किया, "आपको अब सबसे बड़ी चिंता यही सता रही है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 200 सीटों की मांग और अधिक दबंगई के साथ करेगी तो किस मुंह से मना करेंगे। मानिए या न मानिए, कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में आपसे बीस है और आप उन्नीस रह गए हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "पीडीए आपके हाथ से पहले ही निकल गया है। अब एमवाई समीकरण का 'एम' यानी मुस्लिमों का भी मूड बदल चुका है। आपके किसी दांव में अब मुसलमानों को दम नहीं दिख रहा है।"

सुभासपा अध्यक्ष ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए लिखा, "हम आपको समझाते थे कि एक्स और एसी-पीसी छोड़कर जमीन पर आइए, ड्रामा की बजाय काम कीजिए। लंदन-पेरिस घूमने की बजाय उत्तर प्रदेश के बौद्ध सर्किट का दौरा कीजिए। दिल्ली की बजाय आजमगढ़ के गैर-यादव समाज पर ध्यान दीजिए।"

उन्होंने आगे लिखा, "हमारी सलाह है कि अब सार्वजनिक रूप से यह मान ही लीजिए कि राहुल गांधी जी आपके 'ब्लॉक में बड़के भैया' हैं।"

गौरतलब है कि हाल के दिनों में राजभर लगातार अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे हैं। इससे पहले वह जातीय मुद्दों, कानून-व्यवस्था और अन्य राजनीतिक विषयों पर भी सपा नेतृत्व की आलोचना करते रहे हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस-सपा संबंधों और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' को लेकर निशाना साधा है।

--आईएएनएस

विकेटी/एएस

Share this story