ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर फिर सड़क पर उतरे राहुल-प्रियंका, वीडियो में जाने जंतर-मंतर से पहले रोका गया काफिला
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन किया। दोनों नेता विपक्षी सांसदों के साथ जंतर-मंतर की ओर जा रहे थे, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें जंतर-मंतर से करीब 200 मीटर पहले ही रोक दिया। इसके बाद राहुल और प्रियंका सड़क पर बैठ गए।
सुरक्षाबलों द्वारा आगे जाने की अनुमति नहीं मिलने पर प्रियंका गांधी ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। वह संविधान की कॉपी लेकर सड़क पर ही लेट गईं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सुरक्षाबलों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन के चलते मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी विपक्षी सांसदों के साथ सागर रत्ना रेस्टोरेंट पहुंचे थे। यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से विपक्षी सांसदों के लिए लंच का आयोजन किया गया था। लंच के बाद सभी नेता जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए। हालांकि, समाजवादी पार्टी के नेता इस लंच में शामिल नहीं हुए।
एक दिन पहले भी किया था बड़ा प्रदर्शन
इससे एक दिन पहले मंगलवार को इंडिया ब्लॉक के 200 से ज्यादा सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकालने की कोशिश की थी। विपक्षी सांसदों की मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर थी। हालांकि, सुरक्षाबलों ने सांसदों को जंतर-मंतर और चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ने से पहले ही रोक दिया था।इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने आकाशवाणी परिसर में करीब 8 घंटे तक धरना दिया था। प्रदर्शन के दौरान दोनों नेताओं को दो बार हिरासत में भी लिया गया था।
आकाशवाणी परिसर में घुसने पर FIR
विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी परिसर में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कुछ नेताओं के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है। कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठा रही है।बुधवार को भी राहुल और प्रियंका के जंतर-मंतर की ओर बढ़ने के दौरान सुरक्षा बलों ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद दोनों नेताओं का सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करना और प्रियंका गांधी का संविधान की प्रति लेकर सड़क पर लेटना पूरे प्रदर्शन का प्रमुख दृश्य रहा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े सवालों का जवाब मिलना जरूरी है।

