Samachar Nama
×

राहुल-प्रियंका गांधी हिरासत में, 8 घंटे से ज्यादा धरने के बाद पुलिस ने उठाया; वीडियो में जाने 250 प्रदर्शनकारी भी हिरासत में

राहुल-प्रियंका गांधी हिरासत में, 8 घंटे से ज्यादा धरने के बाद पुलिस ने उठाया; वीडियो में जाने 250 प्रदर्शनकारी भी हिरासत में

दिल्ली में एसआईआर के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा विपक्षी दलों का प्रदर्शन मंगलवार को उस समय और तेज हो गया, जब दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल करीब 250 अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। सभी को किंग्सवे कैंप पुलिस स्टेशन ले जाया जा रहा है।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसदों और कार्यकर्ताओं ने आकाशवाणी भवन परिसर में 8 घंटे से ज्यादा समय तक धरना दिया। राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान कहा था कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिले बिना वहां से नहीं जाएंगे। पुलिस जब प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पहुंची, तो कार्यकर्ताओं ने राहुल और प्रियंका को घेर लिया।

मकर द्वार से शुरू हुआ था मार्च

विपक्षी दलों का ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ मंगलवार सुबह करीब 10 बजे संसद के मकर द्वार से शुरू हुआ था। मार्च में बड़ी संख्या में विपक्षी सांसद और कार्यकर्ता शामिल हुए। पुलिस ने दोपहर करीब 12:30 बजे मार्च को आकाशवाणी भवन के पास रोक दिया।इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को बस में बैठाया गया, लेकिन दोनों बस से उतर गए और आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए। इसके बाद बड़ी संख्या में विपक्षी नेता और कार्यकर्ता भी उनके समर्थन में वहां जुट गए।

20 विपक्षी दलों के 300 से ज्यादा सांसद होने का दावा

राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रदर्शन में 20 विपक्षी दलों के 300 से ज्यादा सांसद मौजूद थे। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता शामिल रहे।

विपक्षी दल एसआईआर यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि एसआईआर के जरिए मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात और उनकी जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।फिलहाल पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों को किंग्सवे कैंप पुलिस स्टेशन ले जाना शुरू कर दिया है। प्रदर्शन के चलते इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Share this story

Tags