राघव चड्ढा ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ शुरू की 'नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 'आप' सरकार पर साधा निशाना
पठानकोट, 18 सितंबर (आईएएनएस)। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर 'आप' सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मिलकर पठानकोट से 'नशा मुक्त पंजाब' यात्रा की शुरुआत की।
राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "नशीले पदार्थ सिर्फ जिंदगी ही बर्बाद नहीं करते, बल्कि पूरे परिवार को तबाह कर देते हैं। आज, मैंने पंजाब के पठानकोट में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मिलकर 'नशा मुक्त पंजाब' यात्रा की शुरुआत की और उन परिवारों से मुलाकात की जो नशीले पदार्थों के बुरे असर से जूझ रहे हैं। उनकी कहानियां इस संकट की वजह से इंसानों को होने वाले नुकसान की दर्दनाक याद दिलाती हैं।"
राघव चड्ढा ने पंजाब की मौजूदा 'आप' सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार नशा खत्म करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने लिखा, "पंजाब के युवाओं से नौकरी, मौके और बेहतर भविष्य का वादा किया गया था। साढ़े चार साल बाद भी परिवारों को ही इसकी सबसे भारी कीमत चुकानी पड़ रही है।"
उन्होंने आगे लिखा, "'आप' सरकार ने पंजाब से नशीले पदार्थों को खत्म करने का वादा किया था। फिर भी, पिछले साढ़े चार सालों में नशे की समस्या बहुत तेजी से बढ़ी है। नशीले पदार्थों, खासकर 'चिट्टा' की सप्लाई बहुत बढ़ गई है और यह लोगों की गलियों और रगों में फैल रहा है। ओवरडोज के शिकार लोगों की संख्या बढ़ी है और नशीले पदार्थों का सेवन भी बढ़ा है। आज पंजाब में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की होम डिलीवरी हो रही है।"
राघव चड्ढा ने इस यात्रा को एक जन-आंदोलन बताया। उन्होंने कहा, "'नशा मुक्त पंजाब' यात्रा नशा-मुक्त पंजाब के लिए एक जन-आंदोलन है।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी

