Samachar Nama
×

जयपुर सेंट्रल जेल में RAC जवान की संदिग्ध हालात में मौत, वीडियो में देंखे सीने में गोली लगने से गई जान

जयपुर सेंट्रल जेल में RAC जवान की संदिग्ध हालात में मौत, वीडियो में देंखे सीने में गोली लगने से गई जान

जयपुर स्थित जयपुर सेंट्रल जेल में रविवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जहां राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी (RAC) के एक जवान की सीने में गोली लगने से मौत हो गई। घटना जेल परिसर के बाहर बने अस्थायी बैरक के पास हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।मृतक जवान की पहचान गिरधारी लाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक टावर नंबर-2 पर ड्यूटी पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर जाने से पहले वे मेस में खाना खाकर लौटे थे।

करीब 11 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हेड कॉन्स्टेबल जगत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि गिरधारी लाल टावर के नीचे अस्थायी बैरक के कोने पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। उनकी सर्विस राइफल से चली गोली उनके सीने में लगी थी।घटना के तुरंत बाद जेल स्टाफ ने घायल जवान को इलाज के लिए SMS हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पुलिस और जेल प्रशासन में शोक की लहर है।

मामले की सूचना मिलने पर लालकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए SMS अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली गलती से चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी। इस घटना ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात जवानों की परिस्थितियों और सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Share this story

Tags