'पुष्पक' सिर्फ 15 लाख में बनी फिल्म, आज बनती तो 200 करोड़ का बिजनेस करती: कमल हासन
चेन्नई, 8 जून (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा की क्लासिक फिल्म 'पुष्पक' को लेकर अभिनेता और सांसद कमल हासन ने बड़ा बयान दिया। दरअसल, कमल हासन चेन्नई में निर्देशक सिंगीथम श्रीनिवास राव की आने वाली फिल्म 'सिंग गीतम' के प्री-रिलीज इवेंट में शामिल हुए। यह वही निर्देशक हैं, जिन्होंने 'पुष्पक' को डायरेक्ट किया था। इस मौके पर उन्होंने फिल्म के बजट और उसकी सफलता के बारे में बात की।
कार्यक्रम में कमल हासन ने अपने पुराने दिनों को याद किया और बताया, ''फिल्म 'पुष्पक' को बनाते समय न तो बड़े बजट की चिंता थी और न ही कमाई का दबाव बल्कि पूरा ध्यान सिर्फ कहानी और कला पर था। उस समय फिल्मों को जुनून के साथ बनाया जाता था और बाद में वह खुद एक सफल बिजनेस बन जाती थीं।''
अपने बयान में कमल हासन ने आगे कहा, ''यह फिल्म सिर्फ 15 लाख रुपये के बजट में बनाई गई थी लेकिन इसकी सफलता इतनी बड़ी थी कि आज के समय के हिसाब से इसकी वैल्यू करोड़ों में मानी जा सकती है। अगर यह फिल्म आज बनाई जाती, तो यह आसानी से 200 करोड़ रुपये तक का कारोबार करती।''
कमल हासन ने कहा, ''आज के समय में सिनेमा बनाने का तरीका काफी बदल गया है। अब ज्यादातर फिल्में बनाने से पहले यह सोचा जाता है कि वह कितनी कमाई करेंगी जबकि पहले के दौर में कलाकार पहले कहानी और कला पर ध्यान देते थे और फिल्म बन जाने के बाद उसका बिजनेस सामने आता था। यह बदलाव सिनेमा की आत्मा को प्रभावित कर रहा है क्योंकि जुनून धीरे-धीरे पीछे छूटता जा रहा है।''
उन्होंने कहा, '''पुष्पक' जैसी फिल्में सिर्फ कमाई के आंकड़ों से नहीं मापी जा सकतीं। कई फिल्में अपनी असली कमाई से कहीं ज्यादा मूल्य रखती हैं। यह इंडस्ट्री धीरे-धीरे सीख रही है कि फिल्मों के असली मूल्य को कैसे पहचाना जाए।''
इस कार्यक्रम में कमल हासन ने निर्देशक सिंगीथम श्रीनिवास राव की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ''राव हमेशा समय से आगे सोचने वाले निर्देशक रहे हैं और आज भी उनका जुनून कम नहीं हुआ है। उम्र केवल एक संख्या है, असली ताकत दिमाग और सोच में होती है। मैं खुद उनका असिस्टेंट डायरेक्टर बनकर उनसे सीखना चाहूंगा।''
बता दें कि 94 साल की उम्र में भी सिंगीथम श्रीनिवास राव फिर से निर्देशन की दुनिया में लौट आए हैं। उनकी नई फिल्म 'सिंग गीतम' 11 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
--आईएएनएस
पीके/पीएम

