विनोद नगर वार्ड उपचुनाव: पूर्वी दिल्ली डीएम ने मतदान की तैयारी की पूरी, सुरक्षा के सख्त इंतजाम
नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली जिले के डीएम अमोल श्रीवास्तव ने शनिवार को कहा कि विनोद नगर वार्ड में नगर निगम उपचुनाव को लेकर तैयारी पूरी की जा चुकी है।
अमोल श्रीवास्तव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सुबह 7:30 बजे से लेकर 5:30 बजे तक मतदान होंगे। चुनाव के संबंध में पूरी तैयारी संपन्न हो चुकी है। जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को संपन्न करने का खाका काफी पहले ही तैयार किया जा चुका था, जिसके आधार पर सब काम किए गए। अब सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। ईवीएम की व्यवस्था से लेकर चुनावी प्रक्रियाओं को संपन्न कराने में इस्तेमाल में आने वाली सभी सामग्रियों की व्यवस्था जिला प्रशासन की तरफ से की जा चुकी है। हमारी तरफ से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं कोई कोताही नहीं रहे। हम किसी भी कोताही को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने कहा कि हम बड़ी संख्या में लोगों से मतदान करने की अपील करते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग करना होता है। ऐसी स्थिति में यह एक सुनहरा मौका है, जहां लोग अपने स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। यह एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों को दिया गया सबसे बड़ा अधिकार है। कुल मिलाकर यह कहना गलत नहीं होगा कि हम अब इस उपचुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमारी तैयारियों का एकमात्र मकसद सिर्फ यही था कि कहीं कोई कुप्रबंधन नहीं रहे।
पूर्व दिल्ली जिला डीएम अमोल श्रीवास्तव ने बताया कि ईवीएम और पोलिंग बूथ की सुरक्षा कैसे की जाती है। उन्होंने बताया कि ईवीएम की सुरक्षा के लिए आर्म्ड फोर्स को तैनात किया जाता है और पोलिंग बूथ, जहां लोग मतदान के लिए जाते हैं, की सुरक्षा एक इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस अधिकारी की तरफ से की जाती है। उनकी तरफ से यह सुनिश्चित किया जाता है कि इन दोनों ही केंद्रों पर किसी भी स्थिति में कोई अप्रिय हालात पैदा नहीं हों। इसके अलावा, भीड़ को संभालने के लिए भी व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि मतदान के लिए आने वाले लोगों को भी किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इसके लिए भी जिला प्रशासन की तरफ से सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है। हमें पूरी उम्मीद है कि हमने जिस तरह की तैयारियां की हैं, उसे देखते हुए किसी को भी कोई असुविधा नहीं होगी।
डीएम ने कहा कि उपचुनाव में किस तरह से सुरक्षा-व्यवस्था का प्रबंध किया जाएगा। इसके लिए हमारी पुलिस और ट्रैफिक के साथ काफी पहले ही समीक्षा बैठक हो चुकी है। बैठक में हमने पूरी सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर पूरा खाका तैयार कर लिया था। हम मौजूदा समय में उसी के आधार पर काम कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएचके/डीएससी

