Samachar Nama
×

पूर्वी दिल्ली में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश: एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा बरामद

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने त्वरित और सतर्क कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए दो नाबालिगों को भी पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक, यह सफलता तकनीकी निगरानी, 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच और मजबूत स्थानीय खुफिया तंत्र के चलते हासिल हुई।

दरअसल, यह मामला 19 मार्च को सामने आया, जब लक्ष्मी नगर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता इमरान अहमद ने बताया कि उनके कार्यालय परिसर से उनकी होंडा एक्टिवा (रजिस्ट्रेशन नंबर डीएल5एस18) चोरी हो गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर पवन यादव (इंचार्ज, एएटीएस/पूर्वी जिला) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई दीपक त्यागी, एएसआई अर्जुन चौधरी, एएसआई अजीत और कांस्टेबल अंकित शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार की निगरानी में की गई।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपियों के आने-जाने के रास्तों और गतिविधियों का सुराग मिला। साथ ही, क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर और फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मंडावली निवासी 22 वर्षीय विशाल को गिरफ्तार कर लिया। विशाल के साथ दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस चोरी की वारदात को कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली गई।

जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी विशाल पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ मधु विहार, लक्ष्मी नगर और शकरपुर थानों में वाहन चोरी समेत अन्य धाराओं में पहले से मामले दर्ज हैं।

पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, यह ऑपरेशन टीम की पेशेवर दक्षता, समन्वय और समर्पण का उदाहरण है। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जिला) राजीव कुमार (आईपीएस) ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags