पूर्वी दिल्ली में कंप्यूटर पार्ट्स चोरी का पर्दाफाश, गाजियाबाद से दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली में पुलिस ने शुक्रवार को चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया (पीआईए) की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपी आलिम और कृष्णा को दबोचा। इनके कब्जे से चोरी किए गए कंप्यूटर के महत्वपूर्ण पुर्जे बरामद कर लिए गए हैं, जिनमें रैम और एसएसडी शामिल हैं।
यह मामला 11 फरवरी का है, जब संजय कुमार जैन ने पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कार्यालय से कंप्यूटर के पुर्जे चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना पीआईए में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी और मामले को सुलझाने के लिए विशेष प्रयास किए।
जांच के दौरान एसएचओ पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया की निगरानी और एसीपी प्रीत विहार के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही, स्थानीय स्तर पर पूछताछ और खुफिया जानकारी एकत्र कर संदिग्धों की पहचान की गई।
तकनीकी इनपुट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आलिम और कृष्णा पर शक गहराया। इसके बाद पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी। गुप्त मुखबिरों की मदद से यह जानकारी मिली कि दोनों आरोपी गाजियाबाद में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की तलाशी और पूछताछ में चोरी किए गए कंप्यूटर के पुर्जे (रैम और एसएसडी) बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पेशे से लैपटॉप मैकेनिक हैं और उन्होंने अपनी तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल कर इस चोरी को अंजाम दिया। फिलहाल, उनकी किसी अन्य आपराधिक मामले में संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

