पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के अनुभव से भाजपा संगठन को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाएंगे : पंकज चौधरी
लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर लगातार संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 'एक्स' पर जानकारी दी कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में हिस्सा लिया।
पंकज चौधरी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आज लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ भाजपा-उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्षों की बैठक में सहभागिता की। वर्षों के उनके संगठनात्मक अनुभव और कार्यशैली से मिली सीख मेरे लिए निश्चित रूप से संगठन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के प्रयासों में सहायक सिद्ध होगी।"
वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आज लखनऊ में प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से चाय पर मुलाकात हुई।"
इससे पहले शनिवार को नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी। उन्होंने एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा था, "लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मुलाकात हुई।"
शनिवार को नितिन नवीन ने लखनऊ में भाजपा सांसदों और विधायकों की एक उच्चस्तरीय बैठक को भी संबोधित किया। बैठक में पार्टी के जमीनी संगठन को और मजबूत बनाने, संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने और 2027 विधानसभा चुनाव के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
यह बैठक भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष की मौजूदगी में आयोजित की गई। इसमें संगठनात्मक तैयारियों, वैचारिक मजबूती और राज्य में निर्णायक जनादेश हासिल करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद, और विधायक भी शामिल हुए।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस

