Samachar Nama
×

'वेनेजुएला के लिए प्रार्थना', मशहूर आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने सैंड आर्ट के जरिए व्यक्त किया भूकंप पीड़ितों का दर्द

'वेनेजुएला के लिए प्रार्थना', मशहूर आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने सैंड आर्ट के जरिए व्यक्त किया भूकंप पीड़ितों का दर्द
'वेनेजुएला के लिए प्रार्थना', मशहूर आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने सैंड आर्ट के जरिए व्यक्त किया भूकंप पीड़ितों का दर्द

पुरी, 26 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त एवं पद्मश्री से सम्मानित सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के पीड़ितों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए एक विशेष सैंड आर्ट बनाई। इस प्रभावशाली कलाकृति के माध्यम से उन्होंने दुनिया को मानवीय एकजुटता का संदेश देते हुए वेनेजुएला के लिए प्रार्थना और भूकंप पीड़ितों की मदद करने का आह्वान किया।

वेनेजुएला में बुधवार शाम आए दो शक्तिशाली भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 235 हो गई है। सुदर्शन पटनायक की इस सैंड आर्ट में वेनेजुएला के प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना और सहायता करने की अपील की गई है। भूकंप से ध्वस्त हुई इमारतों और तबाही के दर्दनाक दृश्यों को बेहद संवेदनशील तरीके से उकेरा गया है। यह कलाकृति न केवल आपदा की भयावहता को दर्शाती है, बल्कि प्रभावित लोगों के प्रति सहानुभूति और सहायता की भावना भी व्यक्त करती है।

इस दौरान महाराष्ट्र के नागपुर से पुरी घूमने आई पर्यटक महिमा चौधरी ने भी इस सैंड आर्ट की सराहना की। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "जब मैंने यहां आकर यह सैंड आर्ट देखी तो वेनेजुएला में आए हालिया भूकंप की त्रासदी का दर्द महसूस हुआ। सुदर्शन पटनायक ने अपनी कला के माध्यम से भूकंप के दर्द और उसके असर को बहुत खूबसूरती से दिखाया है। वहां के लोगों ने बहुत मुश्किलों का सामना किया है और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है।"

महिमा चौधरी ने आगे कहा, "मैं इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों और उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। यह बेहद दुखद स्थिति है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वे सभी पीड़ितों को इस कठिन समय से उबरने की शक्ति दें। यह सैंड आर्ट केवल एक कलाकृति नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए संवेदना, शांति और सहयोग का संदेश है।"

सुदर्शन पटनायक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हमने यह रेत की कलाकृति इस संदेश के साथ बनाई है कि वेनेजुएला के लिए प्रार्थना करें और भूकंप पीड़ितों की मदद करें। हमें वेनेजुएला से संदेश मिला, जिसके बाद हमने इस त्रासदी को अपनी कला के माध्यम से दुनिया के सामने रखने का प्रयास किया। तस्वीरें और वीडियो देखने के बाद मुझे एहसास हुआ कि यह भूकंप कितना भयावह था और इससे लोगों को कितना गहरा नुकसान पहुंचा है। एक कलाकार होने के नाते मैंने इस दर्द और तबाही को महसूस किया।"

उन्होंने आगे कहा कि उनकी यह कलाकृति प्रभावित लोगों के प्रति प्रार्थना, संवेदना और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पीड़ितों को इस कठिन समय से उबरने के लिए आवश्यक सहायता, साहस और समर्थन मिलेगा।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story

Tags